T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन भारत और श्रीलंका में किया जा रहा है और डिफेंडिंग चैंपियन भारत को सबसे बड़े दावेदार के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, साउथ अफ्रीका, न्यूजीलैंड भी तगड़ी टीमें हैं जिन्हें भी दावेदार माना जा रहा है, लेकिन भारत को अपनी धरती पर खेलने का सबसे बड़ा फायदा होगा।
फाइनल में भारत का किससे होगा सामना
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत का सामना किस देश के साथ होगा इस पर टीम इंडिया के कई पूर्व खिलाड़ियों ने अपनी राय दी। इन सभी खिलाड़ियों का एक सुर में माना कि भारत फाइनल में जरूर पहुंचेगा, लेकिन फाइनल में सूर्यकुमार की टीम का सामना किससे होगा इस पर इन सभी की राय कुछ अलग नजर आई।
स्टार स्पोर्ट्स के एक शो के दौरान रॉबिन उथप्पा, मोहम्मद कैफ ने माना कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत का सामना साउथ अफ्रीका के साथ होगा तो वहीं आकाश चोपड़ा, टीम इंडिया के पूर्व बैटिंग कोच संजय बांगड़ और पूर्व तेज गेंदबाज इरफान पठान का मानना है कि फाइनल में भारत की भिड़ंत ऑस्ट्रेलिया की टीम के साथ होगी।
इन सबके अलावा टीम इंडिया के सीनियर बैटर चेतेश्वर पुजारा ने कहा कि भारत का फाइनल में सामना इंग्लैंड की टीम के साथ होगा जबकि पूर्व स्पिनर अनिल कुंबले ने भी उनकी बात का समर्थन किया कि भारत और इंग्लैंड को वो फाइनल खेलते देख रहे हैं। यानी भारत-साउथ अफ्रीका फाइनल के सपोर्ट में दो खिलाड़ी तो वहीं भारत इंग्लैंड के पक्ष में भी दो खिलाड़ी दिखे जबकि भारत-ऑस्ट्रेलिया फाइनल के सपोर्ट में तीन खिलाड़ी नजर आए। वहीं सुरेश रैना का मानना है कि इस बार का फाइनल भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेला जा सकता है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल को लेकर भारतीय खिलाड़ियों की भविष्यवाणी
रॉबिन उथप्पा – भारत बनाम साउथ अफ्रीका
आकाश चोपड़ा – भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया
चेतेश्वर पुजारा – भारत बनाम इंग्लैंड
अनिल कुंबले – भारत बनाम इंग्लैंड
मोहम्मद कैफ – भारत बनाम साउथ अफ्रीका
संजय बांगर – भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया
सुरेश रैना – भारत बनाम न्यूजीलैंड
इरफ़ान पठान – भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया
