आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने के मामले में पाकिस्तान अब बैकफुट पर नजर आ रहा है। पहले बहिष्कार का ऐलान करने वाले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने अब इस फैसले पर यूटर्न के संकेत दिए हैं। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के कहने के बाद PCB (पीसीबी) अपनी देश की सरकार से दोबारा बात करेगा। ऐसे में भारत बनाम पाकिस्तान मुकाबला होने की उम्मीद फिर मजबूत हुई है। बता दें कि पाकिस्तान सरकार ने कहा था कि बांग्लादेश के साथ एकजुटता दिखाने के लिए टी20 विश्व कप 2026 में उसकी टीम भारत के खिलाफ का मैच नहीं खेलेगी।
पाकिस्तान सरकार ने पीसीबी को अपनी राष्ट्रीय टीम को टी20 विश्व कप में भेजने की मंजूरी दे दी है, लेकिन उसे भारत के खिलाफ खेलने से रोक दिया है, जो ICC और उसके ब्रॉडकास्टर्स के लिए आर्थिक दृष्टि से सबसे बड़ा मैच है। इस वजह से श्रीलंका क्रिकेट ने PCB को एक ईमेल भेजा है। ईमेल में कहा गया है कि कट्टर प्रतिद्वंद्वियों के बीच 15 फरवरी का अहम मैच न होने से SLC को वित्तीय नुकसान होगा। साथ ही श्रीलंका क्रिकेट और देश की छवि को भी नुकसान पहुंचेगा।
श्रीलंका में हैं पाकिस्तान के सभी मैच
भारत और श्रीलंका मिलकर टी20 विश्व कप 2026 की मेजबानी कर रहे हैं। पाकिस्तान अपने सभी मैच कोलंबो और पल्लीकेले में खेल रहा है। इसकी शुरुआत शनिवार सात फरवरी को नीदरलैंड्स के खिलाफ मैच से हुई। जिसमें सलमान अली आगा की अगुआई वाली टीम उलटफेर का शिकार होते-होते बची। पाकिस्तान की टीम बमुश्किल नीदरलैंड्स के खिलाफ जीत हासिल कर पाई।
समाचार एजेंसी पीटीआई ने शनिवार सात फरवरी 2026 को घटनाक्रम से वाकिफ सूत्र के हवाले से लिखा, ‘जाहिर है, पाकिस्तान के श्रीलंका के साथ सरकार से सरकार और क्रिकेट स्तर पर हमेशा बहुत करीबी और दोस्ताना संबंध रहे हैं, इसलिए उनके बोर्ड के मेल को ऐसे ही नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।’
खबर के मुताबिक, ‘श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (एसएलसी) के अध्यक्ष शमी सिल्वा ने सीधे मोहसिन नकवी से संपर्क किया है और उन्हें याद दिलाया कि इस समय श्रीलंका को पाकिस्तान की मदद की जरूरत है। दरअसल, भारत बनाम पाकिस्तान मैच के बिना, श्रीलंका क्रिकेट को गेट मनी, हॉस्पिटैलिटी सेल्स वगैरह से संभावित अतिरिक्त राजस्व का नुकसान होगा।’
सोमवार तक हो सकता है फैसला
समाचार एजेंसी ने लिखा कि मोहसिन नकवी ने अपने समकक्ष (शम्मी सिल्वा) को आश्वासन दिया है कि वह सरकार से सलाह लेंगे और उन्हें जवाब देंगे। ऐसी मीडिया रिपोर्ट्स को भी खारिज किया गया है, जिनमें कहा गया था कि पाकिस्तान ने श्रीलंका के अनुरोध को भी खारिज कर दिया है।
सूत्र ने बताया, ‘PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी कल से देश में नहीं हैं और आज लौटने वाले हैं। वह भारत मैच के बहिष्कार को खत्म करने के बारे में ईमेल प्रधानमंत्री के संज्ञान में लाएंगे और फिर सोमवार तक इस मामले पर फैसला लिया जाएगा।’
PCB का पहले भी साथ दे चुका है SLC
सूत्र ने कहा कि नवंबर 2025 में ही श्रीलंकाई सरकार ने पाकिस्तान का तब मजबूती से साथ दिया था जब उसके कुछ खिलाड़ी सुरक्षा चिंताओं के कारण पाकिस्तान के दौरे से घर लौटना चाहते थे। सूत्र ने बताया, ‘तब न सिर्फ श्रीलंका बोर्ड बल्कि सरकार ने भी खिलाड़ियों को व्हाइट बॉल टूर पूरा करने का निर्देश दिया था।’
नीचे दी गई खबरें भी पढ़ सकते हैं
क्रिकेट का काला दिन: पड़ोसी मुल्क की ‘बेईमानी’ पर टीम इंडिया ने किया था वॉकआउट, ये 5 किस्से बताते हैं भारत-पाकिस्तान की अदावत की कहानी
4500 करोड़ का घाटा, PCB होगा कंगाल; भारत-पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप मैच नहीं हुआ तो किसे कितना नुकसान? ये है पूरा गणित
