एफआईएच प्रो लीग 2025-26 में भारतीय टीम की शुक्रवार 26 जून 2026 को पाकिस्तानी हॉकी टीम से फिर भिड़ंत होनी है। पाकिस्तानी टीम से भिड़ंत से पहले कप्तान हरमनप्रीत सिंह का कहना है कि भारतीय हॉकी टीम पिछली बार की गई छोटी-छोटी गलतियों को इस बार दोहराने से बचना चाहेगी।

भारतीय टीम की भिड़ंत मंगलवार को पाकिस्तान से हुई थी। तब टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4-3 से बाजी मारी थी। हालांकि, पाकिस्तान ने भारतीय टीम को कड़ी टक्कर दी थी। समाचार एजेंसी आईएएनएस के साथ बातचीत में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पाकिस्तान से मुकाबले को लेकर कहा, ‘‘हम जो गलतियां की हैं, वे छोटी हैं, लेकिन हम उन्हें दोहराना नहीं चाहेंगे। जाहिर तौर पर वह एक अच्छा मुकाबला होगा। हालांकि, उससे पहले हमें इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबला खेलना है तो पहले हम उस पर ध्यान देना चाहते हैं।’’

हरमनप्रीत सिंह ने कहा, ‘‘इसके बाद पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मैच में हम छोटी-छोटी गलतियां करने से बचना चाहेंगे। हम शुरुआत से ही उनके ऊपर दबाव बनाने का प्रयास करेंगे। हम प्रयास करेंगे कि पाकिस्तान के खिलाफ जल्द से जल्द शुरुआती बढ़त ले सकें।’’ भारतीय टीम का रिकॉर्ड पाकिस्तान के खिलाफ कमाल का रहा है। पिछले 18 मुकाबलों में भारतीय टीम पाकिस्तान के खिलाफ अजेय रही है।

कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने कहा कि हॉकी वर्ल्ड कप से पहले एफआईएच प्रो लीग के जरिये टीम की अच्छी तैयारी हो रही है। उन्होंने कहा, ‘‘बहुत जरूरी है और मुझे लगता है कि यह प्रयोग और सब कुछ करने का सही समय है। हम अच्छी टीमों के खिलाफ खेल रहे हैं और वर्ल्ड कप से पहले हमें मैच मिल रहे हैं तो यह एक सकारात्मक चीज है। हम बहुत उत्साहित हैं, क्योंकि वर्ल्ड कप से पहले हमें अच्छे मैच मिल रहे हैं और हम बेस्ट टीमों के खिलाफ मुकाबला कर रहे हैं।’’

इस टूर्नामेंट से अब तक मिली सीख के सवाल पर भारतीय हॉकी टीम के कप्तान ने कहा, ‘‘सीख यही है कि हमें जो मौके मिल रहे हैं उन्हें भुनाना है। जाहिर तौर पर हमें अपने पेनल्टी कॉर्नर अटैक पर भी ध्यान देना है। इसके साथ ही हमें अपने डिफेंस में भी सुधार करने की जरूरत है। हमें काफी सावधान और तेज रहने की जरूरत है।’’

भारतीय टीम अभी अंक तालिका में आठवें नंबर पर है। टीम ने कुल 13 मुकाबले खेले हैं, जिसमें से भारतीय टीम को तीन में जीत हासिल हुई है। सात मुकाबलों में टीम को हार का सामना करना पड़ा है, जबकि तीन मैच ड्रॉ रहे हैं।

प्रो लीग: भारत ने पाकिस्तान को 4-3 से हराया, विश्व कप-एशियन गेम्स से पहले बड़ी कमजोरी उजागर

एक गोल से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करने वाली भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ 4-3 से जीत दर्ज करके एफआईएच प्रो लीग के लंदन चरण का आगाज किया। हालांकि, आखिरी क्वार्टर में दो गोल नहीं गंवाये होते तो जीत का अंतर बेहतर होता। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)