भारत और इंग्लैंड के बीच अब तक 110 वनडे इंटरनेशनल मैच खेले गए हैं। इनमें से भारत ने 61 में जीत हासिल की है, जबकि इंग्लैंड ने 44 मुकाबले जीते हैं। दो मैच टाई रहे हैं, जबकि तीन मुकाबले बेनतीजा रहे। भारत ने इंग्लैंड में इंग्लैंड के खिलाफ अब तक 45 वनडे मैच खेले हैं। इनमें से भारत को सिर्फ 18 में ही सफलता मिली है, जबकि इंग्लैंड की टीम 23 मैच जीतने में सफल रही है। एक मैच टाई और तीन बेनतीजा रहे।
भारत का वनडे इंटरनेशनल में इंग्लैंड में प्रदर्शन की बात करें तो उसने अब तक 86 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं, जिनमें 45 में जीत हासिल की है, जबकि 37 में उसे हार झेलनी पड़ी है। एक मैच टाई और तीन मुकाबले बेनतीजा रहे। भारत ने बर्मिंघम में अब तक 12 वनडे इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिसमें उसने आठ में जीत हासिल की है, जबकि चार में हार झेली है।
भारत ने बर्मिंघम में इंग्लैंड के खिलाफ पांच वनडे इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिनमें से तीन में जीत हासिल की है, जबकि दो में हार झेली है। भारत ने बर्मिंघम में इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी वनडे 30 जून 2019 को खेला था, जिसमें उसे 31 रन से हार झेलनी पड़ी थी।
भारत को बर्मिंघम में इंग्लैंड के खिलाफ आखिरी जीत दो सितंबर 2014 को मिली थी। तब उसने नौ विकेट से इंग्लैंड को हराया था। उस मैच में भारतीय टीम की कमान एमएस धोनी और इंग्लैंड की कमान एलिस्टेयर कुक के पास थी। शुभमन गिल इंग्लैंड में पहली बार भारतीय वनडे टीम की कमान संभालेंगे।
बर्मिंघम में इंग्लैंड के खिलाफ अब तक चार भारतीयों (मोहम्मद अजहरुद्दीन, राहुल द्रविड़, एमएस धोनी और विराट कोहली) ने टीम इंडिया की कमान संभाली है। एमएस धोनी ने बर्मिंघम में दो मैच में भारतीय वनडे टीम की कमान संभाली है। इनमें से एक मैच में भारत ने जीत हासिल की, जबकि एक में हार झेली।
एमएस धोनी के अलावा राहुल द्रविड़ की अगुआई में बर्मिंघम में भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ वनडे मैच जीता है। इंग्लैंड में भारत के वनडे इंटरनेशनल मैचों की बात करें तो अजीत वाडेकर, श्रीनिवास वेंकटराघवन, सुनील गावस्कर, कपिल देव, मोहम्मद अजहरुद्दीन, सौरव गांगुली, राहुल द्रविड़, एमएस धोनी, विराट कोहली और रोहित शर्मा टीम इंडिया की कमान संभाल चुके हैं।
वनडे इंटरनेशनल में भारत को इंग्लैंड में इंग्लैंड के खिलाफ पहली जीत कपिल देव की अगु्आई में 22 जून 1983 में मिली थी। भारत ने इंग्लैंड में आखिरी वनडे सीरीज जुलाई 2022 में खेली थी, जिसे भारत ने 2-1 से जीता था।
विराट कोहली की अगुआई में भारत ने इंग्लैंड में इंग्लैंड के खिलाफ तीन द्विपक्षीय वनडे इंटरनेशनल मैच खेले, जिसमें से एक में जीत हासिल की, जबकि दो में हार झेली। एमएस धोनी की अगुआई में भारत ने इंग्लैंड में इंग्लैंड के खिलाफ नौ द्विपक्षीय वनडे मैच खेले, जिसमें तीन में जीत हासिल की, जबकि चार में हार झेली। एक मैच टाई रहा, जबकि एक मैच बेनतीजा रहा।
भारत का वनडे इंटरनेशनल में इंग्लैंड में इंग्लैंड के खिलाफ अधिकतम स्कोर 329/7 है, जो उसने 24 अगस्त 2007 को ब्रिस्टल में बनाया था। भारत ने इंग्लैंड में इंग्लैंड के खिलाफ पांच बार 300 से ज्यादा रन का आंकड़ा पार किया है। भारत ने दो सितंबर 2007 को लीड्स में 324/6, पांच सितंबर 2007 को द ओवल में 317/8, 16 सितंबर 2011 को कार्डिफ में 304/6 और 27 अगस्त 2014 को कार्डिफ में 304/6 का स्कोर किया था।
IND vs ENG: पहले वनडे की प्लेइंग 11 का ऐलान; रोहित-विराट को चुनौती देंगे आर्चर-टंग, रूट और डकेट की एंट्री
भारत बनाम इंग्लैंड पहले वनडे मैच से एक दिन पहले मेजबान टीम ने अपनी प्लेइंग 11 का ऐलान कर दिया है। इंग्लैंड की इस टीम में दो खिलाड़ियों की एंट्री हुई है, बाकी टीम टी20 सीरीज वाली ही है। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)
