भारतीय क्रिकेट टीम आईपीएल 2026 के बाद अफगानिस्तान के खिलाफ न्यू चंडीगढ़ में एकमात्र टेस्ट मैच 6 जून से खेलेगी। इसके बाद दोनों टीमों के बीच 13 जून से तीन मैचों की वनडे सीरीज भी खेली जाएगी। अब एक नई रिपोर्ट के मुताबिक टीम इंडिया और अफगानिस्तान के बीच एक खास टी20 सीरीज का भी आयोजन हो सकता है जिसकी मेजबानी अफगान टीम ही करेगी और गवाह बन सकता है दिल्ली का अरुण जेठली स्टेडियम।

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक सितंबर 2026 में भारत और अफगानिस्तान के बीच एक टी20 सीरीज खेली जा सकती है। इस सीरीज की मेजबानी अफगान टीम ही करेगी और इसका गवाह बन सकता है दिल्ली का अरुण जेठली स्टेडियम। हालांकि, अभी इसका आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है। रिपोर्ट में बताया गया है कि 13, 16 और 19 सितंबर को यह तीन मुकाबले खेले जा सकते हैं।

बीसीसीआई के सूत्र ने दिया बयान

बीसीसीआई के एक सूत्र ने अखबार को जानकारी देते हुए कहा,”बीसीसीआई और एसीबी (अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड) के बीच संबंध अच्छे हैं। बीसीसीआई लगातार आयरलैंड, श्रीलंका और जिम्बाब्वे जैसे क्रिकेट बोर्ड की मदद करता आया है और अपनी टीम को वहां खेलने के लिए भेजता रहा है। इसी बारे में अब बीसीसीआई और एसीबी के बीच भी चर्चा जारी है। जल्द ही कुछ वक्त में इसका आधिकारिक ऐलान भी हो सकता है।”

सूत्र ने आगे बताया,”बीसीसीआई द्वारा अफगान क्रिकेट बोर्ड और डीडीसीए के बीच हुई बातचीत और सहमति की मध्यस्थता की है। इस बात पर सहमति बनी है कि दिल्ली का अरुण जेठली स्टेडियम इस टी20 सीरीज के लिए अफगानिस्तान का होम ग्राउंड रहेगा। इसी के हिसाब से डीडीसीए अपने टी20 टूर्नामेंट दिल्ली प्रीमियर लीग का शेड्यूल तय करेगा।”

भारतीय चयनकर्ताओं को दी गई जानकारी

बीसीसीआई के सूत्र ने इस सीरीज और सितंबर में होने वाले एशियाई खेलों पर भी कहा,”भारतीय राष्ट्रीय चयन समिति के साथ इसकी जानकारी साझा की जा चुकी है। सितंबर के अंत में होने वाले एशियाई खेलों के लिए टीम का चयन भी होना है। ऐसे में इस सीरीज का स्क्वाड अहम हो सकता है। 23 सितंबर से एशियाई खेलों में क्रिकेट के इवेंट शुरू होंगे, उसी हिसाब से चयनकर्ता टीम का सेलेक्शन कर सकते हैं।”

अफगानिस्तान की टीम के भारत में होम ग्राउंड होने का पुराना इतिहास रहा है। इससे पहले भी पिछले एक दशक में अफगान टीम कई मौकों पर भारत और यूएई के कई वेन्यू को अपना होम ग्राउंड बना चुकी है। 2017 में ग्रेटर नोएडा में अफगान टीम ने आयरलैंड के खिलाफ सीरीज में मेजबानी की थी। उसके बाद 2018 में देहरादून में अफगानिस्तान ने बांग्लादेश के खिलाफ टी20 सीरीज की मेजबानी की थी। फिर सितंबर 2024 में ग्रेटर नोएडा में अफगानिस्तान ने न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट मैच भी खेला था। हालांकि, बारिश के कारण यह मैच रद्द हो गया था।

वैभव बेस्ट ओपनर, कौन बेस्ट फिनिशर? IPL 2026 के लिए दिग्गज ने किया सर्वश्रेष्ठ पारी, स्पिनर, पेसर, बैटर का चयन

आईपीएल 2026 के लिए भारतीय दिग्गज ने बेस्ट ओपनर, बेस्ट फिनिशर, बेस्ट पारी, बेस्ट स्पिनर समेत कई खिलाड़ियों का चयन किया है। बिना किसी संशय के उन्होंने वैभव सूर्यवंशी को सीजन का बेस्ट ओपनर बताया है। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर