भारतीय टीम को अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब जीतने में सबसे अहम भूमिका वैभव सूर्यवंशी ने निभाई। वैभव ने शुक्रवार (7 फरवरी) को फाइनल में 175 रनों की पारी खेली और भारत ने 400 से ज्यादा का स्कोर खड़ा करके इंग्लैंड को 100 रनों से हराया। भारतीय टीम के कप्तान आयुष म्हात्रे का एक वीडियो सुर्खियां बटोर रहा है। जब भारतीय अंडर-19 टीम की ड्रेसिंग रूम में जश्न चल रहा था तो कप्तान आयुष म्हात्रे ने जीत का श्रेय अपने दोस्त वैभव सूर्यवंशी को बगैर लागलपेट दे दिया। इसके बाद उन्हें गले लगाया।

वैभव सूर्यवंशी इंस्टाग्राम पर लाइव थे। आयुष म्हात्रे फोन चला रहे होते हैं। वैभव उनसे पूछते हैं,’कैप्टन, आपकी कैप्टेंसी में हमने छठी बार विश्व कप जीता है। क्या कहना चाहेंगे?’ म्हात्रे ने हाथ जोड़ते हुए कहा, ‘जो भी है वैभव की वजह से है।’ इसके बाद उन्होंने वैभव को गले लगा लिया। आयुष का यह वीडियो किसी को भी भावुक कर देगा। भारतीय टीम अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 में अजेय रहते हुए चैंपियन बनी।

आयुष म्हात्रे की भी अच्छी पारी

वैभव सूर्यवंशी ने फाइनल में 80 गेंद पर 175 रन बनाए। उन्होंने 15 चौके और 15 छक्के लगाए। भारतीय टीम ने 9 विकेट पर 411 रन बनाए। आयुष म्हात्रे ने भी अच्छी पारी खेली। म्हात्रे ने 51 गेंद पर 7 चौके और 2 छक्के की मदद से 53 रन बनाए। उन्होंने वैभव के साथ दूसरे विकेट के लिए 90 गेंद पर 142 रन जोड़े।

कैफ-कोहली के क्लब में शामिल आयुष

भारतीय टीम सबसे ज्यादा 6 बार अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब जीती है। आयुष म्हात्रे से पहले मोहम्मद कैफ, विराट कोहली, उनमुक्त चंद, पृथ्वी शॉ और यश ढुल की कप्तानी में भारत चैंपियन बना है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अंडर-19 वर्ल्ड कप चैंपियन टीम के लिए 7.5 करोड़ रुपये की इनामी राशि का ऐलान किया है। यह इनामी राशि अंडर-19 वर्ल्ड कप चैंपियन टीम के खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और जूनियर चयन समिति के बीच बटेगी।

यह भी पढ़ें: EXCLUSIVE: वैभव का केवल वैभव से कंप्टीशन, आईपीएल 2026 के बाद भारत के लिए करेंगे डेब्यू- कोच बृजेश झा का दावा