वेंकट कृष्णा बी। टी20 वर्ल्ड कप शुरू होने में सिर्फ एक हफ्ता बचा है। इस बीच भारतीय टीम को अपने प्रमुख ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर के को लेकर अच्छी खबर मिली है। 26 साल के सुंदर को न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान साइड स्ट्रेन हुआ था। वह बेंगलुरु में बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में अपना रिहैब कर रहे हैं।
द इंडियन एक्सप्रेस को मिली जानकारी के मुताबिक उन्होंने बैटिंग फिर से शुरू कर दी है। उम्मीद है कि अगले कुछ दिनों में वह गेंदबादी भी शुरू कर देंगे। हालांकि, वाशिंगटन को हल्का फ्रैक्चर है, लेकिन पता चला है कि यह कोई बड़ी चिंता की बात नहीं है और चोट उम्मीद के मुताबिक ठीक हो रही है। बल्लेबाज तिलक वर्मा भी पूरी तरह से फिट होने के करीब हैं और टी20 वर्ल्ड कप मेंय वार्मअप मैच से पहले मुंबई में भारतीय टीम से जुड़ने वाले हैं।
वाशिंगटन कबतक होंगे फिट
न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के बाद भारतीय टीम मुंबई में इकट्ठा होगी, जहां वह 7 फरवरी को अमेरिका के खिलाफ वर्ल्ड कप के अपने पहले मैच से पहले दो वार्मअप मैच खेलेगी। हालांकि, यह पक्का नहीं है कि वाशिंगटन उस मैच या नामीबिया के खिलाफ दूसरे मैच के लिए मैच फिट होंगे या नहीं, लेकिन भारतीय टीम मैनेजमेंट को उम्मीद है कि वह टूर्नामेंट के दूसरे हाफ में बड़ी भूमिका निभाएंगे।
वाशिंगटन स्क्वाड में एकमात्र ऑफ-स्पिनर
ऑलराउंड क्षमता के अलावा वाशिंगटन स्क्वाड में एकमात्र ऑफ-स्पिनर हैं। इसी वजह से टीम मैनेजमेंट ने उन्हें टीम में जोड़े रखने का फैसला किया है, भले ही वह शुरुआती मैचों के लिए पूरी तरह फिट न हों। भारत को अच्छी तरह पता है कि वाशिंगटन टीम के लिए क्या कर सकते हैं। एक अन्य ऑफ स्पिनर रियान पराग काफी समय से टीम का हिस्सा नहीं हैं।
वाशिंगटन सुंदर को लेकर भारतीय टीम का प्लान
वरुण चक्रवर्ती और कुलदीप यादव की मिडिल ओवर्स में जरूरत होगी। यही कारण है कि भारतीय टीम तमिलनाडु के इस ऑफ-स्पिनर पर भरोसा कर रही है। वह जरूरत पड़ने पर पावरप्ले में गेंदबाजी कर सकते हैं। वह टूर्नामेंट आगे बढ़ने के साथ पिचें धीमी होने और उन टीमों के खिलाफ उपयोगी साबित हो सकते हैं जिनकी टॉप ऑर्डर में कई बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं।
ग्रुप मैचों में वाशिंगटन सुंदर की सेवाएं नहीं मिलेंगी
भारत टीम जानती है कि ग्रुप मैचों में वाशिंगटन सुंदर की सेवाएं नहीं मिलेंगी। उसने उन्हें लेकर सुपर 8 और उसके आगे के मैचों के लिए अपनी योजना बना ली है, जब उन्हें बड़ी टीमों का सामना करना होगा। वाशिंगटन योजनाओं में हैं क्योंकि वह बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में गहराई दे सकते हैं। यह एक ऐसा पहलू है जिस पर यह भारतीय टीम समझौता करने को तैयार नहीं है, भले ही इसके लिए किसी स्पेशलिस्ट खिलाड़ी को बाहर करना पड़े।
तिलक वर्मा का फिटनेस टेस्ट होगा
चेन्नई में कुछ दिनों के आराम के बाद वाशिंगटन सीओई में रिहैब कर रहे हैं। शुरुआती दिनों में वह बल्लेबाजी या गेंदबाजी नहीं कर रहे थं, लेकिन पता चला है कि उन्होंने बिना किसी परेशानी के बैटिंग फिर से शुरू कर दी है और उम्मीद है कि वह कुछ दिनों में गेंदबाजी भी शुरू कर देंगे। हालांकि उनकी फिटनेस साबित करने के लिए कोई डेडलाइन तय नहीं की गई है। योजना उनकी वापसी को आसान बनाना है और अगर वह वार्म-अप मैचों के लिए टीम में शामिल नहीं हो पाते हैं तो टी20 वर्ल्ड कप शुरू होने के बाद वह ऐसा करेंगे। जहां तक तिलक वर्मा की बात है को पता चला है कि उनका फिटनेस टेस्ट होगा और वह अप्रूवल का इंतजार कर रहे हैं।
