न्यूजीलैंड ने पांच मैच की सीरीज के चौथे टी20 में भारत को जीत के लिए 260 रन का लक्ष्य दिया। ऑकलैंड के ईडन पार्क में टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में सात विकेट पर 259 रन बनाए। टी20 इंटरनेशनल में 259 रन न्यूजीलैंड का नया सर्वोच्च स्कोर है। यह टी20 क्रिकेट में न्यूजीलैंड में किसी भी टीम द्वारा बनाया गया अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। इसमें घरेलू मैच में भी शामिल हैं।

कीवी बल्लेबाजों ने भारत के खिलाफ भारी तबाही मचाई। न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने इस मैच में कुल 20 छक्के लगाए। यह T20 इंटरनेशनल में एक मैच में न्यूजीलैंड की ओर से लगाए गए सबसे ज्यादा छक्के हैं। साल 2026 में टी20 इंटरनेशनल में यह तीसरी बार है जब भारत ने एक पारी में 250 से ज्यादा रन दिए हैं। भारत ने इस साल रिकॉर्ड 15 बार 200 से ज्यादा रन बनाए हैं।

एक कैलेंडर ईयर में इससे पहले का सबसे अच्छा रिकॉर्ड 9 बार 200+ रन बनाने का था, जो भारत ने 2024 में और IPL 2026 में पंजाब किंग्स, राजस्थान रॉयल्स, सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने बनाया था।

चौथे टी20 इंटरनेशनल में न्यूजीलैंड की पारी की बात करें तो ग्लेन फिलिप्स ने शतक और माइकल ब्रेसवेल ने अर्धशतक लगाया। ग्लेन फिलिप्स छह चौके और 10 छक्के की मदद से 49 गेंद में 107 रन बनाकर आउट हुए। माइकल ब्रेसवेल ने 25 गेंद में 65 रन की पारी खेली। माइकल ब्रेसवेल ने चार चौके और छह छक्के लगाए।

ग्लेन फिलिप्स और माइकल ब्रेसवेल के बीच 40 गेंद में 115 रन की साझेदारी हुई। इसका रन-रेट 16.82 प्रति ओवर रहा। यह भारत के खिलाफ 100+ रन की किसी भी साझेदारी में अब तक का सबसे तेज रन-रेट है और किसी ‘फुल मेंबर’ टीम के खिलाफ चौथी सबसे तेज साझेदारी है। हालांकि, न्यूजीलैंड पारी के अंतिम तीन ओवर में सिर्फ 33 रन ही बना पाया। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि न्यूजीलैंड ने माइकल ब्रेसवेल का विकेट गंवा दिया था।

भारत की ओर से मयंक यादव ने 48 रन देकर तीन विकेट लिए। मयंक यादव ने न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को काफी परेशान किया। हालांकि, पारी के आखिर में माइकल ब्रेसवेल ने उनकी जमकर खबर ली।

मयंक यादव ने पावरप्ले में भी सिर्फ चार गेंद में ही 20 रन लुटा दिए थे, लेकिन सटीक यॉर्कर डालकर उन्होंने डेरिल मिचेल को LBW कर दिया था। न्यूजीलैंड का स्कोर देखकर कहा जा सकता है कि पांचवें मुख्य गेंदबाज की कमी भारत को भारी पड़ी। अक्षर पटेल और नमन धीर दोनों ही अपने कोटे के ओवर पूरे नहीं कर पाए।

न्यूजीलैंड पारी का स्कोरकार्ड

  • टिम सीफर्ट कैच प्रिंस यादव बोल्ड मयंक यादव 03 रन
  • फिन एलन कैच अभिषेक शर्मा बोल्ड अक्षर पटेल 31 रन
  • डेरिल मिचेल पगबाधा मयंक यादव 24 रन
  • ग्लेन फिलिप्स कैच अभिषेक शर्मा बोल्ड नितिश कुमार रेड्डी 107 रन
  • बेवन जैकब्स कैच अर्शदीप सिंह बोल्ड मयंक यादव 07 रन
  • माइकल ब्रेसवेल पगबाधा बोल्ड प्रिंस यादव 65 रन
  • मिचेल सैंटनर कैच नितीश कुमार रेड्डी बोल्ड अर्शदीप सिंह 05 रन
  • नाथन स्मिथ नाबाद 06 रन
  • एडम मिल्ने नाबाद 01 रन
  • कुल योग: 20 ओवर में सात विकेट पर 259 रन
  • विकेट पतन: 1-5, 2-34, 3-93, 4-112, 5-227, 6-246, 7-252

गेंदबाजी

  • मयंक यादव 4-0-48-3
  • अर्शदीप सिंह 4-0-38-1
  • प्रिंस यादव 4–49-1
  • नितिश कुमार रेड्डी 4-0-64-1
  • अक्षर पटेल 3-0-43-1
  • नमन धीर 1-0-16-0

मुंबई इंडियंस का कप्तान रोहित शर्मा का बनना तय, बीच सीजन हार्दिक को हटाने की थी तैयारी

इंडियन प्रीमियर लीग 2027 में मुंबई इंडियंस की कमान रोहित शर्मा संभाल सकते हैं। यह फैसला कोई हैरानी की बात नहीं है। खासकर तब जब पांच बार की चैंपियन टीम ने पिछले एक हफ्ते में अपने सपोर्ट स्टाफ में पूरी तरह से बदलाव किया है। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)