भारतीय टीम ने रविवार (9 मार्च) को अहमदाबाद में न्यूजीलैंड को हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीत लिया। भारत की जीत में बिहार के लाल इशान किशन ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने अर्धशतक जड़ने के अलावा 3 कैच भी पकड़े और भारत की जीत का जश्न मनाते दिखे और अपने दुख को जाहिर नहीं होने दिया। फाइनल से पहले इशान किशन ने अपनी चचेरी बहन और जीजा को खो दिया। इसके कारण उनके पिता प्रणव पांडे फाइनल देखने अहमदाबाद नहीं पहुंच पाए।

टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार शुक्रवार (8 मार्च) को प्रणव पांडे विमान पकड़ने के लिए पटना एयरपोर्ट रवाना हुए तो उन्हें कार दुर्घटना की दिल तोड़ देने वाली खबर मिली। सिलीगुड़ी में इशान की चचेरी बहन और जीजा शादी में शामिल होने के लिए जा रहे थे तभी सड़क दुर्घटना का शिकार हो गए। दोनों की मौत हो गई, लेकिन दो बच्चे बच गए। इनमें से एक केवल छह महीने का है और दूसरे की उम्र 3 साल है।

इशान किशन परिवार के पास जाना चाहते थे

इशान के पिता प्रणव ने कहा, ‘अनर्थ हो गया। हम लोग बहुत बड़ी मुसीबत में हैं।हम सब सदमे में हैं। इशान हमसे मिलने आना चाहता था, लेकिन फाइनल की वजह से वह वापस नहीं आ सका। वह बहुत परेशान है।’ इशान ने टी20 वर्ल्ड कप का तीसरा अर्धशतक जड़ा तो उन्होंने ड्रेसिंग रूम की ओर बैट दिखाकर अभिवादन किया। इसके बाद उन्होंने आसमान की ओर देखा। पहले उन्हें ऐसा करते नहीं देखा गया।

अभ्यास सत्र के दौरान भी इशान किशन मायूस थे

टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल से पहले शनिवार को अभ्यास सत्र के दौरान भी इशान किशन हमेशा की तरह खुशमिजाज नहीं दिखे। उन्होंने हमेशान की तरह लंबी बल्लेबाजी नहीं की। फील्डिंग कोच टी दिलीप के साथ ड्रिल के दौरान भी इशान काफी मायूस दिखे। आमतौर पर वह ट्रेनिंग सेशन में जान डाल देते हैं। हालांकि, फाइनल में इशान बिल्कुल टूटे नहीं दिखे। उन्होंने रन बनाने के साथ-साथ तीन कैच भी पकड़े।

यह भी पढ़ें: ‘इस विस्फोटक क्रिकेट का कोई जोड़ नहीं’, भारत के टी20 विश्व कप जीतने पर विराट का रिएक्शन

Live Updates