पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व बैटर बासित अली ने आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दो फाइनलिस्ट के बारे में बड़ी भविष्यवाणी कर दी। बासित अली की इस भविष्यवाणी के बाद पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर के उन दावों पर पानी फिर गया जिसमें उन्होंने कहा था कि भारत सेमीफाइनल में भी नहीं पहुंच पाएगा।

भारत-पाकिस्तान खेलेंगे फाइनल

55 साल के बासित अली ने पाकिस्तान के लिए 1993 से 1996 तक खेला था और इस दौरान उन्होंने 19 टेस्ट और 50 वनडे मैचों में इस टीम का प्रतिनिधित्व किया। बासित अली के मुताबिक सलमान अली आगा की कप्तानी वाली पाकिस्तान की टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत से भिड़ेगी जो 8 मार्च को खेला जाएगा।

बासित अली ने ये दावा एक पाकिस्तानी टीवी शो के दौरान किया जिसे शोएब मलिक होस्ट कर रहे थे। शोएब मलिक ने बासित अली से पूछा किया टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में कौन-कौन टीम पहुंचेगी। इस पर बासित अली ने भारत और पाकिस्तान का नाम लेते हुए कहा कि ये दोनों टीमें फाइनल खेलेगी।

बासित के इस जवाब के बाद शोएब मलिक ने उनसे पूछा कि आप फिर भी अन्य दो टीमों के नाम बताएं जो सेमीफाइनल में पहुंच सकती है। इसका जवाब देते हुए बासित ने कहा कि भारत और पाकिस्तान के अलावा वेस्टइंडीज और न्यूजीलैंड की टीम सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी। वहीं कामरान अकमल ने इस शो पर कहा कि मेरे हिसाब से सेमीफाइनल में भारत, साउथ अफ्रीका, पाकिस्तान और न्यूजीलैंड की टीम पहुंचेगी।

आपको बता दें कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 में भारत, साउथ अफ्रीका, वेस्टइंडीज, जिम्बाब्वे, पाकिस्तान, श्रीलंका, न्यूजीलैंड और इंग्लैंड की टीमों ने जगह बनाई है। इन 8 टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है और सभी टीमें अपने-अपने ग्रुप में 3-3 मुकाबले खेलेंगी। दोनों ग्रुप में टॉप 2 स्थान पर रहने वाली टीमें सेमीफाइनल में यानी टॉप 4 में पहुंचेगी और वहां जीतने वाली टीमें 8 मार्च को फाइनल मुकाबला खेलेगी।

ये खबरें भी पढ़ें

तिलक ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ T20I में अब तक 304 गेंदों पर बनाए हैं 496 रन, 2 शतक भी शामिल; बड़ा रिकॉर्ड हासिल करने के करीब

अभिषेक-इशान ओपनर, सुंदर आउट; साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत की संभावित प्लेइंग 11