भारत को एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप क्वालिफायर के फाइनल में शनिवार (14 मार्च) को इंग्लैंड से 0-2 से हार का सामना करना पड़ा, लेकिन इसके बावजूद टीम ने इस साल होने वाले विश्व कप के लिए क्वालिफाई कर लिया। यह विश्व कप नीदरलैंड्स और बेल्जियम में होगा। दुनिया की छठे नंबर की टीम इंग्लैंड के लिए ग्रेस बाल्सडन ने 13वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर पहला गोल किया।
इसके बाद 43वें मिनट में एलिजाबेथ नील ने मैदानी गोल कर इंग्लैंड की बढ़त 2-0 कर दी। दुनिया में नौवें स्थान पर काबिज भारतीय टीम ने पूरी कोशिश की, लेकिन इंग्लैंड की मजबूत रक्षा पंक्ति को भेद नहीं पाई। इस टूर्नामेंट से चैंपियन इंग्लैंड, उपविजेता भारत और स्कॉटलैंड (जिसने इटली को 1-0 से हराया) ने विश्व कप के लिए क्वालिफाई किया।
चिली, ऑस्ट्रेलिया और आयरलैंड का ऑटोमैटिक क्वालिफिकेशन
इस महीने की शुरुआत में चिली में हुए दो क्वालिफायर और हैदराबाद में हुए इस इवेंट में तीन-तीन जगह खाली थीं। चिली, ऑस्ट्रेलिया और आयरलैंड ने पहले इवेंट ने ऑटोमैटिक क्वालिफिकेशन किया था। जापान चौथे नंबर पर रहा था। हैदराबाद में भारत और इंग्लैंड ने शुक्रवार को सेमीफाइनल जीतकर अपनी जगह पक्की कर ली थी और अब इटली चौथे नंबर है।
पुरुष विश्व कप के साथ ही होगा महिला विश्व कप
जापान की दुनिया में 15वीं रैंक और इटली की दुनिया में 19वीं रैंक होने के कारण सातवां और आखिरी स्थान जापान को दिया जाएगा। महिला हॉकी वर्ल्ड कप इस साल 14 अगस्त से 30 अगस्त तक वावरे (बेल्जियम) के वैगनर स्टेडियम और एम्सटेलवीन (नीदरलैंड) के स्टेड जस्टिन पीटर्स में होगा। इसके साथ ही पुरुषों का विश्व कप भी होगा, जिसमें 16 टीमें भी हिस्सा लेंगी। भारतीय पुरुष हॉकी टीम पिछले साल एशिया कप जीतकर इस टूर्नामेंट में पहुंची थी।
बेल्जियम और नीदरलैंड्स में होने वाले 2026 वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई करने वालीं 16 टीमें
- होस्ट कोटा: बेल्जियम, नीदरलैंड्स।
- प्रो लीग कोटा: 2023-24 विजेता जर्मनी और 2024-25 विजेता अर्जेंटीना।
- पैन अमेरिकन कप कोटा: अमेरिका।
- यूरोहॉकी चैंपियनशिप कोटा: स्पेन।
- ओशिनिया कप कोटा: न्यूजीलैंड।
- एशिया कप कोटा: चीन।
- अफ्रीका कप ऑफ नेशंस कोटा: साउथ अफ्रीका।
- वर्ल्ड कप क्वालिफायर कोटा (चिली): चिली, ऑस्ट्रेलिया, आयरलैंड।
- वर्ल्ड कप क्वालिफायर कोटा (हैदराबाद): इंडिया, इंग्लैंड, स्कॉटलैंड।
- वर्ल्ड रैंकिंग कोटा: जापान।
पीटीआई इनपुट के साथ खबर
