सफल रही श्रेयस अय्यर के कंधे की सर्जरी, क्रिकेट खेलने को लेकर कही बड़ी बात
आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के नियमित कप्तान श्रेयस अय्यर चार महीने तक बाहर रह सकते हैं। उन्होंने लंकाशर के साथ भी अनुबंध किया है। हालांकि, 23 जुलाई से शुरू हाने वाले वनडे टूर्नामेंट में उनके इंग्लिश काउंटी टीम की तरफ से खेलने की संभावना नहीं है।

भारतीय बल्लेबाज श्रेयस अय्यर ने गुरुवार को कहा कि उनके कंधे की चोट का आपरेशन सफल रहा है। वह वह जल्द से जल्द मैदान वापसी करने की कोशिश करेंगे। अय्यर पिछले महीने इंग्लैंड के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला के दौरान चोटिल हो गए थे। उनके कंधा अपनी जगह से खिसक गया था, इसलिए वह इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League) के 14वें सीजन यानी आईपीएल (IPL) 2021 से बाहर हो गए।
श्रेयस अय्यर ने अपने कंधे की सर्जरी के सफल होने की जानकारी सोशल मीडिया के जरिए दी। उन्होंने अपनी तस्वीर पोस्ट करते हुए ट्वीट किया, ‘आपरेशन सफल रहा है। मैं पूरी प्रतिबद्धता के साथ जल्द से जल्द वापसी करूंगा। आपकी शुभकामनाओं के लिए आभार।’ 26 साल के श्रेयस अय्यर पुणे में 23 मार्च को पहले वनडे के दौरान जॉनी बेयरस्टो का शॉट रोकने की कोशिश में चोटिल हो गए थे। चोट इतनी गंभीर थी कि वह दर्द से कराह रहे थे। उन्हें पकड़कर मैदान से बाहर ले जाना पड़ा था। इस कारण वह इंग्लैंड के खिलाफ बाकी बचे मुकाबलों में भी नहीं खेल पाए थे।
आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के नियमित कप्तान श्रेयस अय्यर चार महीने तक बाहर रह सकते हैं। उन्होंने लंकाशर के साथ भी अनुबंध किया है। हालांकि, 23 जुलाई से शुरू हाने वाले वनडे टूर्नामेंट में उनके इंग्लिश काउंटी टीम की तरफ से खेलने की संभावना नहीं है। अय्यर की जगह दिल्ली कैपिटल्स ने ऋषभ पंत को अपना कप्तान नियुक्त किया है।
‘T20 वर्ल्ड कप में देश को आपकी जरूरत है’
इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स के सह-मालिक पार्थ जिंदल ने ट्वीट कर अय्यर के आईपीएल 2021 से बाहर होने की पुष्टि की थी। उन्होंने अय्यर की चोट को लेकर दुख जताया था और जल्द स्वस्थ होने की कामना की थी। उन्होंने यह भी कहा था कि इस साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप में देश को आपकी बहुत जरूरत है। खबरों की मानें तो आईपीएल में नहीं खेलने के बावजूद दिल्ली कैपिटल्स श्रेयस अय्यर को इस सीजन की पूरी सैलरी देगा।
आईपीएल 2020 में भी लगी थी कंधे में चोट
खबरों के मुताबिक, पिछले साल आईपीएल के दौरान भी श्रेयस अय्यर का कंधा चोटिल हुआ था। यही नहीं ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी उनको कंधे में तकलीफ का सामना करना पड़ा था। श्रेयस अय्यर ने ऑस्ट्रेलिया से स्वदेश लौटने के बाद राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी (एनसीए) में रिहैब करने के लिए कुछ वक्त गुजारा था।