पारंपरिक और स्वदेशी खेलों की विरासत को सहेजने और उन्हें वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में भारत ने पहल की है। केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने सोमवार 12 अक्टूबर 2026 को BRICS देशों को पारंपरिक खेलों का साझा भंडार तैयार करने का सुझाव दिया। इसमें इन खेलों के इतिहास, नियम, उपकरणों और खेल के मैदान से जुड़ी आवश्यकताओं का दस्तावेजीकरण किये जाने की बात है।

मनसुख मांडविया ने यह बात अहमदाबाद में आयोजित BRICS पारंपरिक और स्वदेशी खेल प्रदर्शन समारोह के उद्घाटन के दौरान कही। यह एक दिवसीय आयोजन प्रतिस्पर्धा के बजाय पारंपरिक खेलों के प्रदर्शन और उनसे जुड़ी प्रथाओं के आदान-प्रदान पर केंद्रित है। भारत ने इसके लिए मल्लखंब, योगासन और कलरीपयट्टू का चयन किया है। भारत के अलावा BRICS के 10 अन्य देशों ने भी इसमें हिस्सा लिया। इनमें चीन, रूस, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका शामिल हैं।

राष्ट्र निर्माण के केंद्र में खेलों को रखने पर जोर

मनसुख मांडविया ने कहा कि भारत भविष्य की जरूरतों के अनुरूप खेल बुनियादी ढांचे में निवेश करके खेलों को राष्ट्र निर्माण के केंद्र में रख रहा है। उन्होंने कहा कि भारत एक व्यापक 360 डिग्री दृष्टिकोण के साथ भविष्य के लिए टिकाऊ खेल व्यवस्था तैयार कर रहा है।

इस दृष्टिकोण में जमीनी स्तर पर खेलों में भागीदारी बढ़ाने, प्रतिभाओं की पहचान करने, कोचिंग, खेल विज्ञान, बुनियादी ढांचे के विकास, खिलाड़ियों के कल्याण और अंतरराष्ट्रीय अनुभव जैसे पहलू शामिल हैं।

खेल मंत्री ने सरकार की प्रमुख पहल खेलो इंडिया के लिए 3.76 अरब अमेरिकी डॉलर यानी 36400 करोड़ रुपये से अधिक के बजटीय आवंटन का भी उल्लेख किया। इस पहल के तहत देशभर में खेल बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने के साथ युवा खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने पर जोर दिया जाएगा।

मनसुख मांडविया ने कहा, हमारी महत्वाकांक्षा केवल आज विश्वस्तरीय खेल बुनियादी ढांचा तैयार करने तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए खेलों की एक स्थायी विरासत बनाना भी है।

मल्लखंब-कलरीपयट्टू में दिखती है भारतीय खेल परंपरा की ताकत

मनसुख मांडविया ने कहा कि वैश्विक खेल परिदृश्य तेजी से बदल रहा है। आज खेल केवल प्रतिस्पर्धा का मंच नहीं हैं, बल्कि युवा विकास, सामाजिक समावेशन, सांस्कृतिक समझ और अंतरराष्ट्रीय सहयोग का एक प्रभावी माध्यम भी हैं।

उन्होंने कहा कि भारत के स्वदेशी खेल प्राचीन विरासत और आधुनिक उच्च प्रदर्शन क्षमता का मेल प्रस्तुत करते हैं। ये खेल दुनिया को एथलेटिक क्षमताओं के विकास के लिए एक अलग दृष्टिकोण दे सकते हैं।

केंद्रीय खेल मंत्री ने मल्लखंब का उदाहरण देते हुए बताया कि लकड़ी के खंभे पर किये जाने वाले इस खेल में शरीर पर असाधारण नियंत्रण और संतुलन की जरूरत होती है। इसकी खासियत यह भी है कि इसके लिए अपेक्षाकृत कम बुनियादी ढांचे की आवश्यकता होती है।

उन्होंने कलरीपयट्टू का भी उल्लेख किया। कलरीपयट्टू को दुनिया की सबसे पुरानी मार्शल आर्ट्स परंपराओं में से एक माना जाता है। मनसुख मांडविया के अनुसार, इस खेल में भी मानव शरीर की गति, नियंत्रण और शारीरिक क्षमता का गहरा कौशल दिखाई देता है।

BRICS Sports Games 2026, BRICS Sports, Mansukh Mandaviya
ब्रिक्स स्वदेशी और प्रदर्शन खेल 2026 में भारत की शानदार खेल विरासत का जश्न मनाया गया। (फोटो सोर्स- X/@Media_SAI)

मिट्टी के मैदान से व्यावसायिक प्रसारण तक पहुंचा कबड्डी

मनसुख मांडविया ने कबड्डी को पारंपरिक खेल के मुख्यधारा में आने का एक प्रमुख उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि यह टीम खेल ग्रामीण मिट्टी के मैदानों से निकलकर व्यावसायिक प्रसारण तक पहुंचा है, लेकिन इस दौरान इसने अपनी सांस्कृतिक पहचान नहीं खोई है।

कबड्डी एशियाई खेलों में पदक स्पर्धा भी है। इसका उदाहरण देते हुए खेल मंत्री ने पारंपरिक खेलों की उस क्षमता को रेखांकित किया, जिसके जरिये वे अपनी जड़ों से जुड़े रहते हुए व्यापक स्तर पर लोकप्रियता हासिल कर सकते हैं।

ओलंपिक मूल्यों से जुड़ी भारतीय परंपराएं

मनसुख मांडविया ने कहा कि भारत के पारंपरिक मूल्य ‘वसुधैव कुटुंबकम’ यानी पूरी दुनिया एक परिवार है, शारीरिक अनुशासन और समग्र कल्याण ओलंपिक के मूल्यों के अनुरूप हैं। ओलंपिक के प्रमुख मूल्य उत्कृष्टता, सम्मान और मित्रता हैं।

भारत वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए अहमदाबाद की दावेदारी पेश कर रहा है। इसी शहर में वर्ष 2029 में वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स और वर्ष 2030 में राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन भी होना है।

BRICS देशों के लिए पारंपरिक और स्वदेशी खेलों का साझा भंडार तैयार करने का सुझाव इसी व्यापक संदर्भ में महत्वपूर्ण है। इसके तहत विभिन्न देशों के पारंपरिक खेलों के इतिहास, नियमों, उपकरणों और खेल के मैदान से जुड़ी आवश्यकताओं को दर्ज किया जा सकता है। इससे इन खेलों से संबंधित जानकारी को व्यवस्थित रूप से संकलित करने और उनकी विरासत को संरक्षित करने में मदद मिल सकती है।

जिसे देखकर सीखी निशानेबाजी, उसी को हरा जीता गोल्ड मेडल; उदयवीर सिद्धू की जुड़वां भाई के साथ संघर्ष और सफलता की कहानी

यूट्यूब पर क्रिश्चियन रिट्ज के वीडियो देखकर बड़े हुए उदयवीर सिद्धू ने काहिरा में उसी दिग्गज निशानेबाज को हराकर गोल्ड मेडल जीता। पढ़िये पिता से मिली पहली एयर पिस्टल से शुरू हुए सफर, जुड़वां भाई विजयवीर का साथ और मुश्किलों से लड़कर मिली सफलता की पूरी कहानी पढ़ने के लिए क्लिक करें।