वेस्टइंडीज के खिलाफ हम अहम मुकाबले में जीत गए और सेमीफाइनल में पहुंच गए। इसका जश्न होना चाहिए और सबको खुशियां भी मनानी चाहिए, लेकिन अभी आगे का सफर बाकी है। पहले सेमीफाइनल की जंग है और यहां जीत जाते हैं तो फिर फाइनल की लड़ाई होगी। इंडीज के खिलाफ कोलकाता में जीत के बाद भारतीय टीम की कई कमियां सामने आई और इसे दूर नहीं किया तो आगे परेशानी हो सकती है।

संजू के अलावा कौन चला

इंडीज के खिलाफ अगर आप भारतीय बल्लेबाजी पर नजर डालें तो संजू सैमसन के अलावा और कौन चला। एक तरफ संजू टिके हुए थे, लेकिन दूसरी तरफ भारतीय टीम के विकेट गिरने का सिलसिला लगातार जारी रहा। ऐसा लग रहा था कि खिलाड़ियों में पवेलियन लौटने की होड़ सी लगी है। वेस्टइंडीज की गेंदबाजी साधारण थी और जिस तरह की भारतीय टीम की बैटिंग लाइनअप है इतने विकेट नहीं गिरने चाहिए थे। साउथ अफ्रीका ने वेस्टइंडीज को 9 विकेट से हराया था और भारत को इससे सीखने की जरूरत है।

अभिषेक शर्मा की फॉर्म चिंता का विषय

अभिषेक शर्मा ने बेशकर जिम्बाब्वे के खिलाफ 55 रन की पारी खेली थी, लेकिन उससे पहले और फिर वेस्टइंडीज के खिलाफ उन्होंने क्या कुछ किया है वो सबने देखा है। टी20 प्रारूप में दुनिया का नंबर 1 बल्लेबाज जिस तरह से विकेट फेंक रहा है वो टीम पर दवाब डाल रहा है। अभिषेक वेस्टइंडीज के खिलाफ भी जबरदस्ती का शॉट खेलकर आउट हुए जिसकी जरूरत नहीं थी। अभिषेक से बड़ी उम्मीदें हैं और मामला सेमीफाइनल का है। अभिषेक का कैजुअल अप्रोच अब टीम के लिए घातक बन सकता है।

इशान किशन ने भी किया निराश

इशान किशन ने टी20 वर्ल्ड कप से शुरुआती मैचों में दम दिखाया था, लेकिन अब वो भी लगातार रन बनाने के लिए जूझ रहे हैं और विकेट गंवा रहे हैं। इशान टीम की बल्लेबाजी के लिए काफी अहम हैं और उन्हें अपनी मैच्योरिटी दिखानी होगी। वर्ल्ड कप जैसे अहम टूर्नामेंट में आपको जिम्मेदारी बनना पड़ेगा और टीम के लिए रन बनाने ही होंगे। इशान ने जिस तरह का दम दिखाकर टीम में जगह हासिल की थी उन्हें फिर से उसी अंदाज में बैटिंग करने की जरूरत है।

बड़ी साझेदारी नहीं कर पा रहे ओपनर्स

भारतीय टीम के लिए टी 20 वर्ल्ड कप में अब तक अभिषेक और इशान ने पहले ओपन किया और फिर अभिषेक और संजू को आजमाया गया। अब तक भारत ने इस वर्ल्ड कप में कुल 7 मैच खेले हैं, लेकिन किसी भी मैच में ओपनर्स के बीच एक अर्धशतकीय साझेदारी तक नहीं हुई। कभी अभिषेक चले तो इशान फ्लॉप, इशान चले तो अभिषेक फ्लॉप यानी भारतीय ओपनर्स को कोशिश करनी चाहिए कि वो बड़ी साझेदारी करें और टीम को अच्छी शुरुआत दें।

जसप्रीत बुमराह पर निर्भरता, फील्डिंग भी कमजोरी

इस टी20 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम की गेंदबाजी जसप्रीत बुमराह पर पूरी तरह से निर्भर लग रही है। टीम के अन्य गेंदबाज टुकड़ों में प्रदर्शन कर रहे हैं। हार्दिक पंड्या, वरुण चक्रवर्ती, शिवम दुबे जैसे बॉलर्स की खूब पिटाई हो रही है। भारत के अन्य गेंदबाजों को कोशि करनी चाहिए कि वो कम से कम रन दें और विकेट निकालें। भारत की फील्डिंग भी कुछ कमजोर ही रही है और इस टीम ने अब तक काफी कैच छोड़े हैं। भारतीय खिलाड़ियों को फील्डिंग पर भी काम करने की जरूरत है।

ये खबरें भी पढ़ें

संजू सैमसन ने तोड़ा कोहली का 10 साल पुराना रिकॉर्ड, T20 वर्ल्ड कप में चेज करते हुए भारत के लिए बनाए सबसे ज्यादा रन

अभिषेक की इस गलती की माफी नहीं, ऐसा शॉट खेलने की जरूरत तो थी ही नहीं; बन चुके थे 17 रन, 2 कैच भी छोड़े