होम ऑफ क्रिकेट पर भारत की बेटियों ने कमाल कर दिया। महिला क्रिकेट की शुरुआत 1934 में हुई थी। 92 साल लग गए क्रिकेट के मक्का यानी लॉर्ड्स में पहले महिला टेस्ट मैच को देखने के लिए। इस ऐतिहासिक मैच में आमने-सामने थीं भारत और इंग्लैंड की महिला टीमें। भारतीय टीम ने इतिहास रचते हुए मेजबान इंग्लैंड टीम को 270 रन से हराया। इस जीत के साथ भारतीय महिला टीम ने इंग्लैंड में अपना टेस्ट क्रिकेट का अजेय क्रम भी जारी रखा है। अब उसके बाद यही सवाल है कि क्या अब महिलाओं के WTC (विश्व टेस्ट चैंपियनशिप) का समय आ चुका है?

लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर पहला टेस्ट मैच 1884 में इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया की पुरुष टीमों के बीच हुआ था। 142 साल के इंतजार के बाद अब महिला क्रिकेट टीमों ने भी इस मैदान पर ऐतिहासिक टेस्ट मैच खेला। भारतीय महिला टीम ने नवंबर 2025 में वनडे वर्ल्ड कप जीतते हुए इतिहास रचा था। अब इस टीम ने टेस्ट क्रिकेट की दुनिया में भी इतिहास रच दिया है।

भारतीय टीम ने लॉर्ड्स में इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए ऐतिहासिक टेस्ट मैच में बेहतरीन प्रदर्शन किया। इस शानदार जीत के बाद अब आवाज उठने लगी हैं, महिलाओं के WTC को लेकर। मगर एक चौंकाने वाली बात यह है कि महिला क्रिकेट में सिर्फ तीन देशों ने ही टेस्ट क्रिकेट खेला है। न्यूजीलैंड, साउथ अफ्रीका जैसी शानदार टीमों ने अब तक एक भी टेस्ट मैच नहीं खेला है। भारत, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के अलावा किसी भी देश की महिला टीम टेस्ट मैच नहीं खेली है।

अब महिलाओं के WTC का समय…

ऐसे में सवाल यही है कि क्या यह महिलाओं के WTC का सही समय है? या फिर अब उससे पहले महिलाओं के टेस्ट क्रिकेट को आगे बढ़ाने का वक्त आ चुका है। एक तरफ वनडे, टी20 में महिला क्रिकेट पुरुष क्रिकेट की बराबरी कर रहा है। यहां तक की दुनियाभर की कई टी20 लीग में महिलाओं के भी संस्करण होने लगे हैं। इसके उदाहरण हैं भारत का WPL (Women Premier League), ऑस्ट्रेलिया का WBBL (Women Big Bash League) और इंग्लैंड का Women The Hundred टूर्नामेंट।

भारतीय महिला क्रिकेट टीम के विश्व चैंपियन कोच और अपने समय में 11 हजार से ज्यादा फर्स्ट क्लास रन बनाने वाले अमोल मजूमदार ने भी इस पर प्रकाश डाला है। भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद अमोल से महिलाओं से WTC को लेकर एक खास प्रश्न किया गया। उन्होंने इस जीत के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में साफतौर पर कहा कि अगर महिलाओं का WTC होता है तो इससे अच्छा कुछ नहीं हो सकता।

“बिल्कुल हमें खुशी होगी अगर ऐसा हुआ (महिलाओं का WTC हुआ)। मैंने हमेशा टेस्ट क्रिकेट को क्रिकेट का अल्टीमेट फॉर्मेट माना है। सिर्फ लीडरशिप ग्रुप ही नहीं जो नई खिलाड़ी भी आ रही हैं, सभी ने टेस्ट क्रिकेट को प्राथमिकता दी है। इस साल हम तीन टेस्ट मैच खेल रहे हैं। एक हमने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था और अब इंग्लैंड से खेला। इसी साल एक टेस्ट दिसंबर में हम साउथ अफ्रीका में उनके खिलाफ खेलेंगे। तो एक साल में तीन टेस्ट मैच हम खेल रहे हैं तो क्यों नहीं? लेकिन मैं इस पर प्रकाश डालने वाला या निर्णय देने के लिए कोई नहीं हूं। हां, मुझे लगता है कि अगर ऐसा हुआ तो शानदार होगा।”

इंग्लैंड में एक भी टेस्ट मैच नहीं हारी भारतीय महिला टीम

भारतीय महिला क्रिकेट टीम का रेड बॉल क्रिकेट में बेहतरीन प्रदर्शन पिछले कुछ समय से लगातार जारी है। लॉर्ड्स में मिली इस ऐतिहासिक जीत का यह पल पिछले कुछ दिनों में भारत के शानदार प्रदर्शन को दर्शाता है। पिछले 11 टेस्ट मैचों में इंग्लैंड की सरजमीं पर भारतीय टीम ने सात जीत हासिल की हैं, जबकि तीन मैच ड्रॉ रहे हैं और सिर्फ एक में उसे हार मिली है।

इंग्लैंड में भारतीय महिला टीम का यह 11वां टेस्ट मैच था। वह इंग्लैंड में इस फॉर्मेट में अब भी अजेय है। जबकि भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने ओवरऑल 1976 से 2026 तक यानी 50 साल में 43 टेस्ट मैच खेले हैं और 9 में जीत दर्ज की है। भारत की 9 में से सात जीत इंग्लैंड में आई हैं। सात मैच भारतीय टीम हारी है और 27 मुकाबले ड्रॉ हुए हैं।

WTC, World Test Championship, Indian Women Cricket Team
भारतीय महिला क्रिकेट टीम का टेस्ट रिकॉर्ड (सोर्स- AI)

जय शाह के कार्यकाल में होगी शुरुआत?

भारत में महिला क्रिकेट को आगे बढ़ाने का सबसे ज्यादा श्रेयस मौजूदा आईसीसी चेयरमैन और बीसीसीआई के पूर्व सचिव जय शाह को जाता है। चाहें पुरुष क्रिकेट के समान सैलरी हो, या भारत में महिला प्रीमियर लीग की शुरुआत हो, या फिर बतौर आईसीसी चेयरमैन महिला वनडे वर्ल्ड कप की प्राइज मनी पुरुष वर्ल्ड कप से ज्यादा हो, यह सभी क्रांतिकारी फैसले जय शाह के नेतृत्व में हुए हैं।

भारत ही नहीं आज पूरी दुनिया में अगर महिला क्रिकेट की नई पहचान स्थापित हो रही है तो उसमें जय शाह का अहम योगदान है। यही कारण है कि उनके मौजूदा बतौर आईसीसी चेयरमैन के कार्यकाल में महिलाओं के WTC करवाने की मांग तेज हो रही है। इससे ना सिर्फ महिला क्रिकेट को बढ़ावा मिलेगा। बल्कि आने वाली युवा जनरेशन के दिमाग में टेस्ट क्रिकेट का महत्व भी बढ़ेगा। आज के टी20 यानी फटाफट क्रिकेट के इस युग में अगर रेड बॉल क्रिकेट आगे बढ़ता है तो क्रिकेट को एक नया जन्म मिल जाएगा।

भारत ने लॉर्ड्स में रचा इतिहास, टेस्ट में इंग्लैंड को 270 रन से हराया, क्रांति-यास्तिका के नाम ऑनर बोर्ड पर दर्ज

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर इतिहास रच दिया है। यहां खेले गए पहले महिला टेस्ट मैच में टीम इंडिया ने इंग्लैंड को हराया और बेहतरीन जीत दर्ज की। यास्तिका भाटिया और क्रांति गौड़ के नाम ऑनर बोर्ड पर दर्ज हुए। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर