भारतीय महिला क्रिकेट टीम को टी20 विश्व कप 2026 के मेन राउंड की शुरुआत से पहले एक और हार झेलनी पड़ी है। टूर्नामेंट के वार्म अप राउंड से पहले इंग्लैंड के खिलाफ भारत को 1-2 से हार का सामना करना पड़ा था। अब वार्म अप मैच में भी मेजबान इंग्लैंड ने भारतीय टीम को रोमांचक मुकाबले में 5 रन से हरा दिया। इस मैच में एक बार फिर उपकप्तान स्मृति मंधाना का फ्लाप शो जारी रहा। उन्होंने एक बार फिर से निराश किया।
जबकि विकेटकीपर बैटर ऋचा घोष की 36 गेंद पर 68 रन की पारी बेकार हो गई। इस मुकाबले में पहले खेलते हुए इंग्लैंड की टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 171 रन बनाए थे। जवाब में टीम इंडिया 19.5 ओवर में 166 रन पर ही सिमट गई। टी20 विश्व कप से पहले एक बार फिर टीम की सीनियर खिलाड़ियों का बल्लेबाजी फॉर्म चिंता का विषय बनता दिखा है।
आखिरी ओवर में चाहिए थे 17 रन
भारतीय टीम की शुरुआत इस मैच में बेहद खराब थी और 18 रन पर ही दो विकेट गिर गए थे। यास्तिका भाटिया (15) और कप्तान हरमनप्रीत कौर (17) ने भी निराश किया। फिर भारती फूलमाली ने 18 रन की पारी खेल कुछ हद तक ऋचा घोष का साथ दिया लेकिन वह भी ज्यादा देर टिक नहीं पाईं। एक छोर से ऋचा रन बना रही थीं, दूसरी ओर से विकेट गिरते जा रहे थे। राधा यादव (16) के बाद श्रेयांका पाटिल और क्रांति गौड़ 1-1 रन ही बना पाईं। अंत में आखिरी ओवर में भारत को जीत के लिए 17 रन चाहिए थे।
श्रीचरणी ने पहली गेंद पर सिंगल लिया और फिर स्ट्राइक आई ऋचा घोष के पास। ऋचा ने पहले चौका लगाया और फिर छक्का जड़ दिया। तीन गेंद पर भारत को जीत के लिए 6 रन ही चाहिए थे। उसके बाद लिंसी स्मिथ ने लगातार दो विकेट, पहले ऋचा को आउट किया और फिर रेणुका ठाकुर का विकेट लेकर भारतीय टीम को ऑलआउट कर दिया।
स्मृति मंधाना के फ्लाप शो ने बढ़ाई चिंता
भारतीय टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना ने पिछली 8 टी20 पारियों में एक भी 40 तक का स्कोर नहीं बनाया है। पिछली 6 टी20 इंटरनेशनल पारियों में उनके बल्ले से सिर्फ 102 रन ही निकले हैं। जिसमें 37 उनका सर्वोच्च स्कोर रहा है और एक डक भी शामिल है। स्मृति का खराब फॉर्म मेन विश्व कप राउंड से पहले भारतीय टीम के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। इंग्लैंड के खिलाफ वार्म अप मुकाबले में भी 172 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए वह 6 गेंद पर सिर्फ 1 रन ही बना पाईं।
अब भारतीय टीम अपना पहला लीग मैच 14 जून को पाकिस्तान के खिलाफ खेलने उतरेगी। टीम को और फैंस को उम्मीद होगी कि वनडे की विश्व चैंपियन टीम टी20 विश्व कप में भी चैंपियंस की तरह ही खेले।
भारत-पाकिस्तान के स्क्वाड जारी, एशियाई खेलों में 10 क्रिकेट टीमें लेंगी हिस्सा; ये है पूरी लिस्ट
एशियाई खेल 2026 में चौथी बार क्रिकेट की प्रतियोगिता होगी। इस टूर्नामेंट के लिए पुरुष प्रतियोगिता में कुल 10 टीमें हिस्सा लेंगी। जापान को मेजबान होने के नाते एंट्री मिली है। जबकि भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, अफगानिस्तान और बांग्लादेश को सीधे एंट्री मिली है। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर
