साक्षी राज। क्रिकेट का मक्का कहे जाने वाला लॉर्ड्स में अंततः महिलाओं का 140 साल का लंबा इंतजार खत्म होने वाला है। शुक्रवार को लॉर्ड्स में पहली बार महिला टेस्ट मैच खेला जाएगा, जो भारत और इंग्लैंड के बीच होगा। लॉर्ड्स पर साल 1885 में पहली बार पुरुष टेस्ट मैच खेला गया था, लेकिन इसी मैदान पर खेलने के लिए महिलाओं को 142 वर्षों का लंबा इंतजार करना पड़ा।

लगभग तीन साल पहले इंग्लैंड क्रिकेट में एक स्वतंत्र समीक्षा हुई थी जिसमें इस बात की कड़ी आलोचना हुई थी कि आखिरकार अब तक लॉर्ड्स पर महिला टेस्ट क्रिकेट क्यों नहीं आयोजित किया जा सका। इसके बाद ही यह ऐतिहासिक कदम लिया गया।

इस ऐतिहासिक मैच का साक्षी बनने के लिए प्रशंसकों के बीच भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। अब तक 30 हजार टिकट बिक चुके हैं। इंग्लैंड के इतिहास में महिला टेस्ट मैच देखने के लिए यह सबसे बड़ी संख्या है।

भारत बनाम इंग्लैंड टेस्ट मैच की बात करें तो मेजबान के खिलाफ हरमनप्रीत कौर ब्रिगेड का पलड़ा भारी है। भारत ने अब तक इंग्लैंड में नौ टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें सभी में वह अजेय रही है। नेट साइवर ब्रंट की अगुआई वाली इंग्लैंड की टीम टेस्ट क्रिकेट में लगातार खराब प्रदर्शन से जूझ रही है। पिछले दस वर्षों में इंग्लैंड की टीम केवल एक टेस्ट मैच में ही जीत पाई है।

इंग्लैंड के खिलाफ ओवरऑल रिकॉर्ड की बात करें तो भारत ने 15 में से तीन टेस्ट मैच अपने नाम किये हैं, एक में हार का सामना किया है, जबकि 11 टेस्ट मैच ड्रॉ रहे हैं। इंग्लैंड ने इस बार युवा खिलाड़ियो को टीम में मौका दिया है। टीम में पहली बार एलिस कैप्सी,एलेनेर थ्रेलकेल्ड, मैडी विलियर्स, ग्रेस पॉटस्, टिली कार्टिन-कोलेमैन को शामिल किया गया है।

इंग्लैंड की टीम ने स्टार स्पिनर चार्ली डीन को इस मैच के लिए आराम दिया है। वह लगातार वाइट-बॉल क्रिकेट खेल रही थीं। इंग्लैंड के पास लॉरेन फिलर और इस्सी वोंग जैसी तेज गेंदबाजो का विकल्प है। इंग्लैड की टीम ने भले ही नए खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया है, लेकिन उनके पास टैमी ब्यूमोंट, हीथर नाइट, माइया बाउचर और स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन जैसी अनुभवी खिलाड़ी भी मौजूद हैं।

भारत ने भी टीम में नए खिलाड़ियों को शामिल किया है। बाएं हाथ की स्पिनर श्री चरणी, हरलीन देओल और तेज गेंदबाज नंदनी शर्मा अपना टेस्ट डेब्यू कर सकती हैं। भारत की ओपनिंग बल्लेबाज प्रतिका रावल के चोटिल होने के बाद टीम में उनकी जगह प्रिया पूनिया को शामिल किया गया है। शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स और यास्तिका भाटिया भी प्लेइंग-11 में शामिल होने की प्रबल दावेदारों में हैं।

भारतीय गेंदबाजी की बात करें तो मुख्य कोच अमोल मजूमदार को रेणुका सिंह, क्रांति गौड़ और नंदनी शर्मा में से ही चुनना होगा। सायली सतघरे की दावेदारी भी मजबूत है, क्योंकि वह गेंजबाजी और बल्लेबाजी दोनो रूप में टीम की मदद कर सकती हैं। भारत और इंग्लैंड के बीच एकमात्र टेस्ट मैच शुक्रवार (10 जुलाई) को भारतीय समयानुसार शाम 3 बजकर 30 मिनट से लंदन के लॉर्ड्स में खेला जाएगा।

इस प्रकार हैं भारत और इंग्लैंड की टीमें

भारत: हरमनप्रीत कौर(कप्तान), स्मृति मंधाना, यास्तिका भाटिया, हरलीन देओल, ऋचा घोष, प्रिया पूनिया, जेमिमा रोड्रिग्स, स्नेह राणा, सायली सतघरे, शेफाली वर्मा, क्रांति गौड़, दीप्ति शर्मा, रेणुका सिंह, नंदनी शर्मा, श्री चरणी।

इंग्लैंड: नेट साइवर-ब्रंट (कप्तान) टैमी ब्यूमोंट, हीथर नाइट, माइया बाउचर, सोफी एक्लेस्टोन, एलिस कैप्सी, एमी जोंस, एली थ्रेलकेल्ड,मैडी विलियर्स, ग्रेस पॉटस्, टिली कार्टिन-कोलेमैन, लॉरेन फिलर, इस्सी वोंग, एमा लैम्ब, लॉरेन बेल।

शिवम दुबे आउट, संजू इन; चौथे टी20 के लिए पूर्व विकेटकीपर ने किया भारत की संभावित प्लेइंग 11 का चयन

टीम इंडिया के पूर्व विकेटकीपर ने इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टी20 मैच के लिए भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन का चयन किया। उन्होंने अपनी इस टीम में शिवम दुबे को जगह नहीं दी जबकि संजू सैमसन को शामिल किया। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)

नोट: साक्षी राज जनसत्ता.कॉम में इंटर्न हैं।