ऑस्ट्रेलिया ने आखिरी वनडे में भारतीय महिला टीम को 185 रन से करारी शिकस्त दी। इसी के साथ ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टीम इंडिया का वनडे सीरीज में सूपड़ा साफ हो गया। भारत ने पहले दो वनडे गंवाने के बाद यहां तीसरे एकदिवसीय मुकाबले में शर्मनाक प्रदर्शन किया। ऑस्ट्रेलिया द्वारा दिए गए 410 रन के लक्ष्य के जवाब में भारतीय टीम 45.1 ओवर में 224 रन बनाकर सिमट गई।
एलिसा हीली की जीत के साथ विदाई
इस तरह कंगारू टीम ने अपनी कप्तान एलिसा हीली को जीत के साथ वनडे करियर से विदाई दी। हीली ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भी 158 रन की बेहतरीन पारी खेली थी। उन्हें इस प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया। वहीं बेथ मूनी ने भी नाबाद 106 रन की पारी खेली। इसके बाद गेंदबाजी में ऑस्ट्रेलिया के लिए अलाना किंग ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने 10 ओवर में 33 रन देकर चार विकेट लिए।
वहीं भारत की तरफ से बल्लेबाजी में कोई भी बैटर 50 का आंकड़ा तक नहीं छू पाईं। ओपनिंग में उपकप्तान स्मृति मंधाना डक पर पवेलियन लौट गईं। उसके बाद प्रतिका रावल ने 27 और जेमिमा रोड्रिग्स 42 रन पर पवेलियन लौट गईं। अंत में स्नेह राणा ने 74 गेंद पर 44 रन पर बनाए। बाकी कोई भी बैटर कुछ खास नहीं कर पाईं। इस तरह भारतीय टीम ने तीसरा वनडे मैच भी गंवा दिया।
भारतीय टीम की अब रेड बॉल में परीक्षा
भारतीय टीम ने इससे पहले टी20 सीरीज इस दौरे पर 2-1 से अपने नाम की थी। वहीं वनडे सीरीज में पहले 6 विकेट और फिर 5 विकेट से भारत को हार मिली। उसके बाद तीसरे वनडे में अब 185 रन से टीम इंडिया हारी। अब भारतीय टीम की परीक्षा मजबूत कंगारू टीम के सामने रेड बॉल में होगी। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच महिला टेस्ट मैच 6 मार्च से पर्थ में खेला जाएगा।
यह भी पढ़ें- एलिसा हीली ने अपने आखिरी वनडे में खेली 158 रन की पारी, ऑस्ट्रेलिया ने भारत को दिया 410 रन का लक्ष्य
यह भी पढ़ें- ‘पाकिस्तान की यू-टर्न लेने की आदत’: T20 वर्ल्ड कप से बाहर होते ही पाकिस्तानी गेंदबाज ने वापस लिया रिटायरमेंट
