भारत की पहली महिला विश्व विजेता कप्तान हरमनप्रीत कौर ने एक और उपलब्धि अपने नाम दर्ज कर ली है। हरमनप्रीत कौर अब महिला क्रिकेट में सबसे ज्यादा इंटरनेशनल मुकाबले खेलने वाली क्रिकेटर बन गई हैं। वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टी20 में अपना 356वां इंटरनेशनल मुकाबला खेलने उतरीं। यह दुनियाभर में किसी भी महिला क्रिकेटर के सबसे ज्यादा इंटरनेशनल मैच हैं।

हरमनप्रीत कौर ने न्यूजीलैंड की दिग्गज क्रिकेटर सूजी बेट्स को पीछे छोड़ते हुए यह उपलब्धि अपने नाम की है। उनके अलावा इस लिस्ट में भारत की दिग्गज कप्तान मिताली राज लिस्ट में चौथे स्थान पर हैं। हरमनप्रीत से पहले सिर्फ सूजी बेट्स ही 350 प्लस इंटरनेशनल मैच खेलने वाली महिला क्रिकेटर थीं।

सबसे ज्यादा इंटरनेशनल मैच खेलने वाली महिला क्रिकेटर

  • हरमनप्रीत कौर: 356 मैच (भारत)
  • सूजी बेट्स: 355 मैच (न्यूजीलैंड)
  • एलिस पेरी: 349 मैच (ऑस्ट्रेलिया)
  • मिताली राज: 333 मैच (भारत)
  • शार्लेट एडवर्ड्स: 309 मैच (इंग्लैंड)
  • सोफी डिवाइन: 305 मैच (न्यूजीलैंड)
  • हीथर नाइट: 303 मैच (इंग्लैंड)
  • डैनियल वायट: 302 मैच (इंग्लैंड)

हरमनप्रीत कौर का करियर रिकॉर्ड

हरमनप्रीत ने अभी तक भारत के लिए 6 टेस्ट, 161 वनडे और 189 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं। उनके नाम 200 टेस्ट रन, 4409 वनडे रन और 3784 टी20 इंटरनेशनल रन दर्ज हैं। पहली बार भारत को अपनी कप्तानी में वनडे वर्ल्ड कप जिताने के बाद अब हरमनप्रीत कौर की नजरें होंगी टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया को चैंपियन बनाने पर।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टी20 में टॉस के दौरान हरमनप्रीत कौर से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा,”यह मेरे लिए एक बड़ी उपलब्धि है। आशा करती हूं कि मैं मेहनत करती रहूंगी टीम के लिए और जितना ज्यादा खेल सकती हूं उतना खेलती रहूंगी।”

यह भी पढ़ें- अभिषेक, तिलक, सूर्या ने बढ़ाईं भारत की मुश्किलें, सुपर 8 में ये 3 दिक्कतें कर सकती हैं परेशान
यह भी पढ़ें- T20 World Cup: भारत का सुपर 8 में पहला मैच कब? यहां देखें तारीख, समय, जगह और अन्य जानकारी