भारतीय महिला टीम ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर है। टी20 सीरीज 2-1 से जीतने के बाद वनडे सीरीज गंवाकर टीम इंडिया 2-0 से पिछड़ रही है। आखिरी वनडे में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने पहले खेलते हुए 409 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया है। ऐसे में अगर वनडे सीरीज में टीम इंडिया को क्लीन स्वीप से बचना है तो 410 रन बनाने होंगे। वहीं कंगारू टीम की कप्तान एलिसा हीली ने अपने करियर के आखिरी वनडे मैच में 158 रन की शानदार पारी खेली।
पहले दोनों वनडे मैचों में बाद में खेलते हुए ऑस्ट्रेलियाई टीम ने सफल चेज किए थे और सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली थी। अब तीसरे वनडे में पहले खेलते हुए टीम ने 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 409 रन बनाए। कप्तान एलिसा हीली ने 98 गेंद पर 158 रन की तूफानी पारी खेली। इस पारी में उन्होंने 27 चौके और दो छक्के लगाए।
भारतीय बॉलर्स की जमकर ली खबर
वहीं हीली के अलावा जॉर्जिया वॉल ने 62 और बेथ मूनी ने नाबाद 106 रन की पारी खेली। अंत में निकोला कैरी ने 15 गेंद पर 34 रन ठोके और टीम का स्कोर 400 पार पहुंचाया। कंगारू टीम की सभी बैटर्स ने भारतीय बॉलर्स की जमकर खबर ली।
भारत की तरफ से सभी बॉलर्स की पिटाई हुई। रेणुका सिंह ठाकुर ने सबसे कम 10 ओवर में 64 रन देकर 1 विकेट लिया। वहीं स्नेह राणा ने 10 ओवर में 66 रन देकर दो विकेट लिए। वहीं श्री चरणी ने 10 ओवर में 106, दीप्ति शर्मा ने 90 और काश्वी गौतम ने 83 रन खर्च किए।
पत्नी हीली की पारी देख गदगद हुए स्टार्क
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान एलिसा हीली को मैच से पहले जहां भारत और ऑस्ट्रेलिया की सभी खिलाड़ियों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। वहीं जब हीली ने शतक जड़ा तो कमेंट्री बॉक्स में मौजूद पति मिचेल स्टार्क बेहद खुश नजर आए। स्टार्क भी कमेंट्री बॉक्स में ही तालियां बजाते दिखे। साथ ही मैदान पर सभी फैंस ने खड़े होकर हीली का अभिवादन किया।
यह भी पढ़ें- IND vs WI: रिंकू सिंह का खेलना मुश्किल, भारत-वेस्टइंडीज मैच के लिए दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11
यह भी पढ़ें- ‘पाकिस्तान की यू-टर्न लेने की आदत’: T20 वर्ल्ड कप से बाहर होते ही पाकिस्तानी गेंदबाज ने वापस लिया रिटायरमेंट
