जिम्बाब्वे के कप्तान सिकंदर रजा ने तीन मैच की टी20 सीरीज में भारत को प्रबल दावेदार मानने से इनकार करते हुए कहा कि दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर होगी। उन्होंने कहा कि दोनों के पास समान रूप से जीत हासिल करने के मौके होंगे। विश्व चैंपियन भारत का टी20 अंतरराष्ट्रीय में हाल में प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है। उसे आयरलैंड के खिलाफ दोनों मैच में हार का सामना करना पड़ा।
इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैच की श्रृंखला में उसे चार मैच में हार मिली जबकि एक मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था। अब उसके पास जिम्बाब्वे के खिलाफ जीत की राह पर लौटने का मौका होगा। इस श्रृंखला का पहला मैच गुरुवार (23 जुलाई) को खेला जाएगा।
श्रृंखला बेहद रोमांचक होगी
रजा ने स्टार स्पोर्ट्स से कहा, ‘इस श्रृंखला में दोनों देशों के पास समान मौके होंगे। हमें अपनी टीम पर पूरा भरोसा है। हमारी टीम लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है और इसलिए मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि यह श्रृंखला बेहद रोमांचक होगी।’ जिम्बाब्वे ने फरवरी में कोलंबो में खेले गए आईसीसी टी20 विश्व कप के मैच में ऑस्ट्रेलिया को 23 रन से हराया था। उसने इस साल श्रीलंका और बांग्लादेश के खिलाफ भी जीत दर्ज की हैं।
शृंखला एकतरफा नहीं होगी
रजा ने कहा, ‘जहां तक जीत हार का सवाल है तो दोनों टीमों के पास यह श्रृंखला जीतने के बराबर के मौके होंगे। भारत अभी बदलाव के दौर से गुजर रहा है जिससे यह श्रृंखला और अधिक रोमांचक हो गई है। मुझे नहीं लगता कि यह शृंखला एकतरफा होगी।’ दूसरा और तीसरा टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच 25 और 26 जुलाई खेले जाएंगे।
ये है जिम्बाब्वे के खिलाफ T20I में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीयों की लिस्ट
भारतीय टीम इससे पहले जिम्बाब्वे दौरे पर 2024 टी20 वर्ल्ड कप के बाद गई थी। अभिषेक शर्मा ने भारत के लिए इसी सीरीज में डेब्यू किया था। शुभमन गिल कप्तान थे। उस सीरीज में यशस्वी जायसवाल और ऋतुराज गायकवाड़ भी खेले थे। पूरी खबर पढ़ें।
