जिम्बाब्वे दौरे के लिए भारतीय टीम में प्रभसिमरन सिंह का चयन हुआ है। पंजाब के इस खिलाड़ी को जब चयन की जानकारी मिली तब वह जिम में पसीना बहा रहे थे। वह इस पल की काफी समय से उम्मीद कर रहे थे। भारतीय टीम में चयन की खबर मिलने के प्रभसिमरन सिंह सीधे घर पहुंचे। उन्होंने इसकी जानकारी अपने बीमार पिता सरदार सुरजित सिंह को दी।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार प्रभसिमरन सिंह के पिता गंभीर बीमारों से जूझ रहे हैं। रोज डायलिसिस होती है। ठीक न होने के बाद भी वह अपने बेटे का मैच शायद ही कभी नहीं देखते। प्रभसिमरन ने उन्हें जब यह जानकारी दी तो पिता भावुक हो गए।
अब जा रहा है तो नीचे नहीं जाना
प्रभसिमरन ने कहा, ‘पापा की तबीयत ऐसी है कि वो खुद से उठ नहीं पाते, लेकिन जब हमने उन्हें यह खबर दी तो वह खुद उठ गए। अगर यह खुशी एक प्रतिशत भी उनके स्वास्थ्य में सुधार ला सकती है तो यह मेरे लिए बहुत बड़ी बात होगी। वो बस यही बोल रहे थे अब जा रहा है तो नीचे नहीं जाना। और बस एक बात कही और मेहनत करो।’
प्रभसिमरन को संघर्ष के बाद सफलता मिली
आईपीएल के शुरुआती सालों में लगातार मौके मिलने में मुश्किलों का सामना करने के बाद प्रभसिमरन को 2023 में सफलता मिली। उन्होंने 358 रन बनाए, जिसमें उनका पहला आईपीएल शतक भी शामिल था। इसके बाद उन्होंने 2024 में 334 रन बनाए और फिर 2025 और 2026 में लगातार दो सीजन में 500 से ज्यादा रन बनाकर एक और छलांग लगाई। इससे भी जरूरी बात यह है कि उन्होंने अच्छी शुरुआत को बड़े स्कोर में बदलना शुरू कर दिया।
आईपीएल में शानदार प्रदर्शन
प्रभसिमरन ने 2023 में एक फिफ्टी और एक सेंचुरी से आगे बढ़ते हुए 2025 में चार फिफ्टी और आईपीएल 2026 में छह फिफ्टी बनाईं। उन्होंने कहा, ‘मैं इसका बहुत समय से इंतजार कर रहा था क्योंकि पहले मुझे खेलने के ज्यादा मौके नहीं मिलते थे। जब मुझे सही मौके मिलने लगे तो मैंने बस अपना बेस्ट देने की कोशिश की और सब ठीक हो गया।’
प्रभसिमरन को मौका मिलने की उम्मीद थी
प्रभसिमरन ने कहा, ‘मेरे लगातार दो सीजन अच्छे रहे हैं। तो कहीं न कहीं मुझे उम्मीद थी कि किसी टूर पर मौका मिलेगा, लेकिन मैं इसके बारे में ज्यादा नहीं सोच रहा था क्योंकि मेरा माइंडसेट हमेशा एक जैसा रहा है। चाहे वह डिस्ट्रिक्ट क्लब मैच हो या आईपीएल मैच मैं बस अच्छा परफॉर्म करना चाहता हूं। आईपीएल बहुत बड़ा स्टेज है। अगर आप वहां अच्छा करते हैं तो सब कुछ नोटिस हो जाता है। मैं शुक्रगुजार हूं कि मुझे यह मौका मिला। मैं बस दुआ करता हूं कि वहां भी सब ठीक हो।’
इंग्लैंड दौरे पर गए 16 में से 7 खिलाड़ी नहीं जाएंगे जिम्बाब्वे
भारतीय टीम का आगामी जिम्बाब्वे दौरे के लिए ऐलान हो गया है। मौजूदा इंग्लैंड दौरे पर मौजूद 7 खिलाड़ियों को इस सीरीज के लिए जगह नहीं मिली है। जबकि 6 नए खिलाड़ी जिम्बाब्वे दौरे पर नजर आएंगे, जिसमें से तीन इंटरनेशनल डेब्यू भी कर सकते हैं। पूरी खबर पढ़ें।
