भारतीय टीम जिम्बाब्वे के खिलाफ सुपर 8 का अपना दूसरा मैच चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेलने उतरेगी। इस मुकाबले में दोनों टीमों के लिए सेमीफाइनल की रेस में बने रहने के लिए जीत जरूरी है। ऐसे में चेपॉक की पिच और यहां का मौसम कैसा होगा इसके बारे में जानते हैं।
चेपॉक की पिच का कैसा रहेगा मिजाज?
आमतौर पर चेपॉक की पिच को धीमी और स्पिन फ्रेंडली माना जाता है, लेकिन यह वर्ल्ड कप है और यहां आईसीसी के क्यूरेटर पिच बनाते हैं। ऐसे में यहां बल्लेबाजों के लिए मदद होने वाली है। यहां पिछले दोनों शाम के मैचों में 200 और 196 रन पहले खेलने वाली टीमों ने बनाए हैं। इसको देखते हुए इस बार चेन्नई में एक बड़ा स्कोर अगर भारत पहले खेला तो बना सकता है।
यह मैच काली मिट्टी की पिच पर ही होगा। अभी तक इस टूर्नामेंट में जितने भी वेन्यू रहे हैं, सबसे बुरा स्ट्राइक रेट और सबसे खराब गेंदबाजी का रिकॉर्ड चेपॉक में ही रहा है। ऐसे में चेपॉक का चक्रव्यूह इस बार बल्लेबाजों के द्वारा तैयार होगा। स्पिनर्स को शायद खास मदद नहीं मिलेगी। वहीं तेज गेंदबाज शुरू में थोड़ा उछाल के जरिए मदद हासिल कर सकते हैं।
चेन्नई के मौसम का क्या है हाल?
एक्यूवेदर के मुताबिक मैच के दिन गुरुवार को चेन्नई का आसमान साफ रहने वाला है। सुबह के वक्त तापमान तकरीबन 31 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। दिन में धूप खिली रहेगी और पिच काफी सख्त हो सकती है। शाम तक तापमान 27 डिग्री तक गिर सकता है।
बारिश का फिलहाल कोई पूर्वानुमान नहीं है। हालांकि, सोमवार को जब मौसम का अनुमान देखा गया था तो गुरुवार को दोपहर में 25 प्रतिश बारिश का पूर्वानुमान एक्यूवेदर ने बताया था। लेकिन मैच का दिन आते-आते यह अनुमान शून्य तक पहुंच गया है।
दोनों टीमों का स्क्वाड
भारत: अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), इशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, रिंकू सिंह, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, वाशिंगटन सुंदर।
जिम्बाब्वे: सिकंदर रजा (कप्तान), ब्रायन बेनेट, रयान बर्ल, ग्रीम क्रेमर, ब्रैडली इवान्स, क्लाइव मदांडे, टिनोटेंडा मापोसा, तादिवानशे मारुमनी, वेलिंगटन मसाकाद्जा, टोनी मुनयोंगा, ताशिंगा मुसेकिवा, ब्लेसिंग मुजरबानी, डायोन मायर्स, रिचर्ड नगारवा, बेन करन।
यह भी पढ़ें- IND vs ZIM Playing 11: संजू-अक्षर की एंट्री, कौन होगा बाहर; भारत-जिम्बाब्वे सुपर 8 मैच की संभावित प्लेइंग 11
यह भी पढ़ें- IND vs ZIM: रिंकू सिंह की वापसी पर बड़ा अपडेट, संजू सैमसन की प्लेइंग 11 में एंट्री को लेकर भी कोच ने दिया हिंट
