टी20 वर्ल्ड कप 2026 में गुरुवार (26 फरवरी) को भारत ने जिम्बाब्वे को 72 रन से हरा दिया। भारत की इस जीत से सुपर 8 के ग्रुप-1 से साउथ अफ्रीका ने सेमीफाइनल में जगह बना ली। जिम्बाब्वे सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो गया। सुपर 8 के आखिरी मैच में यह तय होगा कि ग्रुप-1 से सेमीफाइनल में कौन पहुंचेगा? ग्रुप-2 से इंग्लैंड सेमीफाइनल में पहुंच चुका है। श्रीलंका सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो गई है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 के अपने पहले मैच में साउथ अफ्रीका ने भारत को हराया था। इसके बाद वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे को बुरी तरह हराया। इससे भारत की राह कठिन हो गई थी, लेकिन साउथ अफ्रीका ने गुरुवार को वेस्टइंडीज को हराकर भारत की राह आसान कर दी। भारत को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज को हराना था। भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे को हराकर एक पड़ाव पार कर लिया है।
भारत-वेस्टइंडीज मैच हुआ नॉकआउट
भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 में जिम्बाब्वे को हराकर पहली जीत दर्ज की। इससे उसके 2 अंक हो गए। वेस्टइंडीज के भी 2 मैच में 2 अंक हैं। हालांकि, उसका रनरेट भारत से बेहतर है, लेकिन अब मामला रनरेट का नहीं जीत-हार पर निर्भर करेगा। सुपर-8 का आखिरी मैच 1 मार्च को भारत-वेस्टइंडीज के बीच होगा। यह मैच जीतने वाली टीम सेमीफाइनल में होगी। यानी यह मैच नॉकआउट बन गया है।
इंग्लैंड-न्यूजीलैंड मैच महत्वपूर्ण
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शुक्रवार को सुपर-8 के ग्रुप-2 में इंग्लैंड का सामना न्यूजीलैंड से होगा। इस मैच पर पाकिस्तान की भी निगाहें होंगी। अगर इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को हराया तो पाकिस्तानी की सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदें जीवित रहेंगी। अगर न्यूजीलैंड जीता तो वह 5 अंकों के साथ सेमीफाइनल में होगा। हालांकि, पाकिस्तान की केवल इंग्लैंड की जीत से बात नहीं बनेगी। उसे श्रीलंका के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज करनी होगी ताकि वह न्यूजीलैंड को रनरेट के मामले में पीछे छोड़ सके।
यह भी पढ़ें: Explained: जिम्बाब्वे की पारी के 15वें ओवर में शिवम दुबे की गेंद दी गई नोबॉल, समझे आईसीसी का नियम
