भारतीय टीम की साउथ अफ्रीका के खिलाफ हार के बाद जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाला मुकाबला करो या मरो जैसा हो गया है। इस मैच से पहले टीम इंडिया के बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में टीम को लेकर कुछ हिंट दिए हैं। वहीं मंगलवार को अचानक टीम इंडिया के खेमे से वापस अपने घर लौटे रिंकू सिंह की वापसी पर भी कोच ने अपडेट दिया है।

रिंकू सिंह को लेकर सितांशु कोटक ने बताया है कि पिता की तबीयत खराब होने के कारण रिंकू को अचानक जाना पड़ा था। वह आज शाम (बुधवार 25 फरवरी) तक टीम के साथ वापस जुड़ सकते हैं। वहीं उन्होंने प्लेइंग 11 में टॉप 3 में बदलाव को लेकर लगातार उठ रहे सवालों पर भी जवाब दिया है और कहा है कि प्लेइंग 11 में बदलाव और संजू की वापसी पर सोच-विचार किया जा रहा है।

संजू सैमसन की होगी प्लेइंग 11 में एंट्री?

सितांशु कोटक ने संजू सैमसन को वापस लाने के सवाल पर साफ किया कि टीम संजू को प्लेइंग 11 में लाने पर विचार कर रही है। इसको लेकर कोटक ने कहा,”हम बदलाव के बारे में सोच रहे हैं। हमारे दोनों ओपनर्स बाएं हाथ के हैं और नंबर 3 का बल्लेबाज भी बाएं हाथ का है। ऐसे में विरोधी टीम ऑफ स्पिनर लेकर आ रही हैं। इसलिए हम चेंज के बारे में सोच रहे हैं।”

कौन होगा टीम से बाहर?

यानी बैटिंग कोच का हिंट साफ था कि इस मुकाबले में संजू सैमसन की एंट्री संभव है। वहीं यह अभी भी तय नहीं हो पा रहा है कि कौन बाहर होगा। क्योंकि कोच ने अभिषेक शर्मा को लेकर भी बयान दिया और उनके बयान से ऐसा लग रहा था कि, टीम अभिषेक को अभी बैक करेगी।

अभिषेक को लेकर कोटक ने कहा,”अभिषेक शर्मा का बीमारी से आने के बाद मोमेंटम नहीं आया है। लेकिन हमें सिर्फ एक खिलाड़ी पर ही फोकस नहीं करना चाहिए। वह फॉर्म में वापसी करने से बहुत दूर नहीं हैं।”

अगर अभिषेक शर्मा को बाहर नहीं किया जाता है तो तिलक वर्मा या रिंकू सिंह को टीम से बाहर होना पड़ सकता है। क्योंकि अगर तिलक खेले तो उनकी बैटिंग पोजीशन भी बदली जा सकती है। फिलहाल अभी कुछ साफ नहीं है लेकिन संजू की वापसी का हिंट जरूर बैटिंग कोच ने दे दिया है। अब देखना होगा कि जिम्बाब्वे के खिलाफ टीम किस प्लेइंग 11 के साथ उतरती है।

यह भी पढ़ें- ‘यह बेवकूफी होगी’: सूर्यकुमार यादव को लेकर माइकल वॉन का बड़ा बयान, तिलक वर्मा के लिए भी कही यह बात
यह भी पढ़ें- सेमीफाइनल के बचे 3 टिकट, भारत-पाकिस्तान समेत 7 दावेदार; जानें किस टीम के लिए है क्या समीकरण