भारतीय टीम की साउथ अफ्रीका के खिलाफ सुपर 8 के पहले मैच में हुई शर्मनाक हार के बाद प्लेइंग 11 को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। अभिषेक शर्मा का फॉर्म लगातार इस वर्ल्ड कप में सवालों के घेरे में है। वहीं तिलक वर्मा ने भी अब टीम इंडिया की टेंशन बढ़ा दी है। यही कारण है कि जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में संजू सैमसन को खिलाने की मांग उठने लगी है।
दरअसल भारतीय टॉप ऑर्डर में नंबर 1, नंबर 2 और नंबर 3 तीनों पोजीशन पर बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। इससे निपटने के लिए विरोधी टीमों ने ऑफ स्पिन का जाल बुन लिया है और हर मैच में भारतीय टीम फंसती भी दिखी है। इसे अब काउंटर करने के लिए ओपनिंग में अभिषेक शर्मा के साथ संजू सैमसन को लाने की मांग की जा रही है। वहीं आउट ऑफ फॉर्म तिलक वर्मा की जगह नंबर 3 पर इशान किशन भी खेल सकते हैं।
इरफान पठान ने प्लेइंग 11 में बदलाव पर क्या कहा?
स्टार स्पोर्ट्स पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच में मिली हार के बाद प्लेइंग 11 पर चर्चा हो रही थी। उस वक्त इरफान पठान ने साफतौर पर कहा कि वह अभिषेक शर्मा को नहीं छेड़ना चाहेंगे। लेकिन तिलक वर्मा की पोजीशन पर सोच-विचार किया जा सकता है। यानी तिलक वर्मा की जगह संजू सैमसन को मौका दिया जा सकता है। क्योंकि उनका भी यह मानना है कि बहुत सारे बाएं हाथ के बल्लेबाज विरोधी टीम के लिए तैयारियां आसान बना रहे हैं।
मोहम्मद कैफ ने की संजू के लिए पैरवी
मोहम्मद कैफ ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच से पहले ही एक्स पर पोस्ट करते हुए संजू सैमसन को टॉप ऑर्डर में खिलाने की पैरवी की थी। उन्होंने कहा था कि भारत के पास कई बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं और विरोधी टीमों को तैयारी करने में आसानी हो रही है। इसे काउंटर करने के लिए संजू को मौका देना मददगार साबित हो सकता है।
आकाश चोपड़ा ने अक्षर को बाहर करने को बताया गलत
आकाश चोपड़ा ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ मिली हार के बाद अक्षर पटेल को बाहर करने पर असहमति जताई। उनका कहना था कि आपने खुद उन्हें उपकप्तान बनाया और फिर बाहर कर दिया। जबकि अक्षर ने हमेशा एक संकटमोचक की तरह भारतीय टीम को मुश्किलों में संभाला है। फिर भी अक्षर की जगह सुंदर को लाना समझ के परे लगा। यानी जिम्बाब्वे के खिलाफ यह मूव बदल सकता है। रविचंद्रन अश्विन ने भी अक्षर को नहीं खिलाने पर आश्चर्य जताया।
जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच के लिए भारत की संभावित प्लेइंग 11
संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, इशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह।
टीम इंडिया के कोच ने दिए बड़े हिंट
वहीं साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच के बाद टीम इंडिया के सहायक कोच रयान टेन डसखाटे और बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने भी जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच में बैटिंग कॉम्बिनेशन में बदलाव के हिंट दिए थे। रयान ने माना कि संजू के पास अनुभव है और दाएं हाथ के बल्लेबाज का टॉप ऑर्डर में होना भारत के लिए फायदेमंद भी हो सकता है।
टीम इंडिया के बैटिंग कोच सितांशु कोटक ने साफतौर पर कहा कि अब वक्त आ गया है कि हमें सोचना होगा कि हमें कुछ अलग करना है। या फिर इसी कॉम्बिनेशन के साथ आगे बढ़ना है। अगर हेड कोच और मैनेजमेंट को लगता है कि बदलाव होना चाहिए तो बिल्कुल हम टीम में बदलाव करेंगे। यानी इससे साफ है कि टीम इंडिया की प्लेइंग 11 आगे आने वाले मैचों में बदल सकती है।
यह भी पढ़ें- अक्षर पटेल को न खिलाकर हुई गलती, साउथ अफ्रीका से हार के बाद गंभीर के साथी डोएशे ने माना
यह भी पढ़ें- ICC टूर्नामेंट में 825 दिन बाद थमा विजय रथ, पैट कमिंस के बाद एडेन मार्कराम ने अहमदाबाद को किया ‘शांत’
