टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 के अहम मुकाबले में भारत के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने दमदार गेंदबाजी की और वेस्टइंडीज के सबसे खतरनाक बल्लेबाज शिरमोन हेटमायर को पवेलियन भेजा। हेटमायर ने 12 गेंद पर 27 रन ठोके और वह खतरनाक दिख रहे थे। वरुण चक्रवर्ती के ओवर में 17 रन बनने के बाद भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 12वें ओवर में जसप्रीत बुमराह को गेंद थमाई और उन्होंने निराश नहीं किया।
जसप्रीत बुमराह के ओवर की पहली गेंद पर रस्टन चेज ने सिंगल लिया। शिरमोन हेटमायर स्ट्राइक पर आए। अगली गेंद पर उन्होंने 2 रन लिया। इसके बाद वह विकेट के पीछे संजू सैमसन के हाथों लपके गए। हेटमायर ने रिव्यू लिया, लेकिन स्निको से कंफर्म हुआ कि गेंद बल्ले से लगी थी।
जसप्रीत बुमराह ने शिरमोन हेटमायर को छठी बार आउट किया
जसप्रीत बुमराह ने शिरमोन हेटमायर को 23 गेंद पर छठी बार आउट किया। हेटमायर का बुमराह के खिलाफ रिकॉर्ड काफी खराब है। उन्होंने 9 पारी में 23 गेंद पर 17 रन बनाए और 6 बार आउट हुए हैं। उनका औसत 3 का भी नहीं है। स्ट्राइक रेट 70 से भी नीचे है। बुमराह अगर पहले गेंदबाजी करने आए होते तो शायद हेटमायर 12 गेंद पर 1 चौके और 2 छक्के की मदद से 27 रन नहीं बना पाए होते।
रस्टन चेज को भी किया आउट
हेटमायर के आउट होने के बाद बुमराह ने वेस्टइंडीज पर कहर बरपाया। शरफेन रदरफोर्ड क्रीज पर आए। बुमराह ने अगली गेंद पर 1 रन देने के बाद खतरनाक दिख रहे रस्टन चेज को भी पवेलियन राह दिखा दी। सूर्यकुमार यादव ने कवर में शानदार कैच लिया। चेज ने 25 गेंद पर 40 रन बनाए। चेज को बुमराह की गेंद पर पांचवें ओवर में जीवनदान मिला था। अभिषेक शर्मा ने आसान कैच छोड़ दिया था। बता दें कि भारत और वेस्टइंडीज में से मैच जीतने वाली सेमीफाइनल में पहुंचेगी। उसका सामना इंग्लैंड से होगा।
यह भी पढ़ें: ‘वेस्टइंडीज से हारे तो किसी को IPL कॉन्ट्रैक्ट नहीं’: भारत-वेस्टइंडीज मैच से पहले मनोज तिवारी का बड़ा बयान
