भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 राउंड का आखिरी मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच की विजेता टीम सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी। ऐसे में भारतीय टीम के लिए यह मैच जीतना बेहद जरूरी है। साउथ अफ्रीका से हार के बाद टीम इंडिया की तैयारियों पर बहुत सवाल उठे थे। अब वेस्टइंडीज के खिलाफ मैच से पहले मनोज तिवारी ने बड़ा बयान दिया है।

क्रिकबज के क्रिकेट शो में बात करते हुए पूर्व क्रिकेटर मनोज तिवारी ने बहुत बड़ी बात कही है। उन्होंने कहा कि अगर आप वेस्टइंडीज से भी हारते हैं तो सभी को अगले सीजन के लिए आईपीएल कॉन्ट्रैक्ट नहीं मिलने चाहिए। हालांकि, उन्होंने यह बात मजाक-मजाक में बोली लेकिन फिर भी उनका यह बयान काफी बड़ा था। मनोज तिवारी वैसे भी अक्सर अपने बयानों के लिए चर्चा में रहते हैं।

क्या बोले मनोज तिवारी?

क्रिकेटर से नेता बने मनोज तिवारी ने कहा,”भारत ने पिछले मैच में 256 रन बनाए थे। अब उस मोमेंटम के साथ टीम इंडिया को बिना किसी दबाव के आगे बढ़कर खेलना होगा। वेस्टइंडीज के खिलाफ टीम इंडिया को 200 से अधिक स्कोर बनाना होगा, अगर विंडीज को हराना है। अगर वह वेस्टइंडीज को भी नहीं हरा पाए तो किसी को भी आईपीएल कॉन्ट्रैक्ट अगले साल के लिए नहीं देना चाहिए।”

मनोज तिवारी ने यह बयान मजाकिया अंदाज में दिया। उनकी यह बात सुनकर साथ में मौजूद वीरेंद्र सहवाग ठहाके लगाकर हंसने लगे। यह भी तिवारी ने कहा कि सारे देश की दुआएं टीम इंडिया के साथ हैं। हमलोग भी दुआ करेंगे। अब देखना होगा कि क्या टीम इंडिया लगातार तीसरे सेमीफाइनल में जगह बना पाएगी। इससे पहले 2022 टी20 वर्ल्ड कप में भारत सेमीफाइनल इंग्लैंड से हारा था और 2024 में चैंपियन बना था।

भारत और वेस्टइंडीज के बीच रोचक आंकड़े

भारत का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के खिलाफ शानदार है। भारत ने कोलकाता (ईडेन गार्डेन्स) में वेस्टइंडीज के खिलाफ 4 मैच खेले हैं और सभी मैचों में भारत को जीत ही मिली है। यानी इस मैदान पर भारत का आंकड़ा वेस्टइंडीज के खिलाफ 4-0 का है। वहीं टी20 वर्ल्ड कप की बात करें तो वेस्टइंडीज अपना एक भी मैच आईसीसी टी20 टूर्नामेंट में यहां नहीं हारा है। 2016 में भी इंग्लैंड को इसी मैदान पर हराते हुए वेस्टइंडीज चैंपियन बनी थी।

यह भी पढ़ें- रिंकू सिंह का खेलना मुश्किल, भारत-वेस्टइंडीज मैच के लिए दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11
यह भी पढ़ें- बारिश बिगाड़ेगी टीम इंडिया का खेल? जानें कोलकाता के मौसम का पूर्वानुमान और पिच रिपोर्ट