India vs West Indies 1st T20: कोहली ने खेली विराट पारी, भारत ने वेस्टइंडीज को 6 विकेट से हराया
India vs West Indies, Ind vs WI 1st T20: इस मैच में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 207 रन बनाए। उसे इस स्कोर तक पहुंचाने में ओपनर एविन लुईस (17 गेंद, 40 रन) और शिमरॉन हेटमेयर (41 गेंद, 56 रन) और कप्तान कीरोन पोलार्ड (19 गेंद, 37 रन) ने अहम भूमिका निभाई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया ने 18..4 ओवर में 4 विकेट पर 209 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया।

India vs West Indies (Ind vs WI) 1st T20: भारत ने 3 मैचों की सीरीज के पहले टी20 में वेस्टइंडीज को 6 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही वह सीरीज में 1-0 से आगे हो गई। सीरीज का दूसरा टी20 मैच 8 दिसंबर 2019 को तिरुअनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम पर खेला जाएगा। हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम पर खेले गए इस मैच में भारतीय कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीता और गेंदबाजी का फैसला किया।
भारत की सीरीज जीतने पर नजर, तिरुअनंतपुरम में अब तक अजेय है टीम इंडिया
वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 5 विकेट पर 207 रन बनाए। उसे इस स्कोर तक पहुंचाने में ओपनर एविन लुईस (17 गेंद, 40 रन), ब्रैंडन किंग (23 गेंद, 31 रन), शिमरॉन हेटमेयर (41 गेंद, 56 रन) और कप्तान कीरोन पोलार्ड (19 गेंद, 37 रन) ने अहम भूमिका निभाई। भारत की ओर से युजवेंद्र चहल ने 36 रन देकर 2 विकेट लिए। वहीं, रविंद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, दीपक चाहर ने 1-1 विकेट लिए।
208 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही। ओपनर रोहित शर्मा 8 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। हालांकि, इसके बाद विराट कोहली और केएल राहुल ने पारी को संभाला और दूसरे विकेट के लिए 100 रन जोड़े। टीम का स्कोर जब 130 रन था, तब केएल राहुल अर्धशतक लगाकर पवेलियन लौट गए।
विराट कोहली ने जड़े 6 छक्के और 6 चौके, भारत 6 विकेट से जीता
राहुल की जगह ऋषभ पंत मैदान पर आए। वे 9 गेंद पर 18 रन बनाकर पवेलियन लौटे। बर्थडे बॉय श्रेयस अय्यर महज 4 रन ही बना पाए। लेकिन कोहली ने कप्तानी पारी खेलते हुए छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई। अय्यर के आउट होने पर शिवम दुबे मैदान पर आए। हालांकि, वे एक भी गेंद नहीं खेल पाए और टीम इंडिया के सिर जीत का सेहरा बंध गया। भारत ने 18.4 ओवर में 4 विकेट पर 209 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया।
टी20 इंटरनेशनल में विराट कोहली के टॉप-5 स्कोर
रन | किसके खिलाफ | मैदान | साल |
94* | वेस्टइंडीज | हैदराबाद | 2019 |
90* | ऑस्ट्रेलिया | एडिलेड | 2016 |
89* | वेस्टइंडीज | मुंबई | 2016 |
82* | ऑस्ट्रेलिया | मोहाली | 2016 |
82 | श्रीलंका | कोलंबोआरपीएस | 2017 |
टी20 इंटरनेशनल में भारत के टॉप-5 चेज टारगेट
टारगेट | किसके खिलाफ | मैदान | साल |
208 | वेस्टइंडीज | हैदराबाद | 2019 |
207 | श्रीलंका | मोहाली | 2009 |
202 | ऑस्ट्रेलिया | राजकोट | 2013 |
199 | इंग्लैंड | ब्रिस्टल | 2018 |
198 | ऑस्ट्रेलिया | सिडनी | 2016 |
विपक्षी टीमों के खिलाफ भारत की लगातार जीत
लगातार मैच जीते | किसके खिलाफ | कब से कब तक |
8 | बांग्लादेश | 2009-18 |
7 | ऑस्ट्रेलिया | 2013-17 |
7 | श्रीलंका | 2016-17 |
7 | वेस्टइंडीज | 2018-19 |
टी20 इंटरनेशनल के किसी एक मैच में सबसे ज्यादा रन लुटाने वाले विंडीज के टॉप-4 गेंदबाज
रन दिए | गेंदबाज | किसके खिलाफ | मैदान | साल |
60 | केसरिक विलियम्स | भारत | हैदराबाद | 2019 |
56 | निकिता ओब्रायन मिलर | ऑस्ट्रेलिया | सिडनी | 2010 |
56 | कार्लोस ब्रैथवेट | भारत | लखनऊ | 2018 |
56 | ओसाने थॉमस | बांग्लादेश | मीरपुर | 2018 |
यहां जानिए भारत-वेस्टइंडीज के बीच टी20 मैच से जुड़े लाइव अपडेट्स
जीत के साथ शुरुआत करना चाहेगा भारत, ये है दोनों टीमों की Playing 11
Highlights
राहुल ने टी20 इंटरनेशनल करियर का अपना 7वां अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 101 मीटर लंबा छक्का लगाकर विराट कोहली के साथ दूसरे विकेट के लिए 100 रन की साझेदारी पूरी की। हालांकि, अगली ही गेंद पर वे पवेलियन लौट गए।
पारी की शुरुआत से ही रोहित रिदम नहीं पकड़ पा रहे थे। यही वजह उन्हें भारी पड़ी। वे 10 गेंद पर 8 रन बनाकर खैरी पिएरे का शिकार बने। शिमरॉन हेटमेयर ने मिडविकेट पर उनका कैच लपका।
दूसरे ओवर में केएल राहुल और रोहित शर्मा ने वेस्टइंडीज के जेसन होल्डर की खूब धुनाई की। होल्डर के इस ओवर से भारत के खाते में 15 रन बनाए। राहुल ने 3 चौके लगाए।
208 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारत की शुरुआत धीमी रही। उसने पहले ओवर में सिर्फ 2 रन बनाए। रोहित शर्मा और केएल राहुल ने एक-एक रन से खाता खोला। वेस्टइंडीज की ओर से पहला शेल्डन कॉटरेल ने भेजा।
19वां ओवर फेंकने के लिए विराट ने दीपक चाहर को गेंद थमाई। चाहर के इस ओवर में वेस्टइंडीज ने 12 रन बनाए। इसमें जेसन होल्डर का एक छक्का भी शामिल है। आखिरी ओवर भुवनेश्वर कुमार फेंकेंगे।
18वां ओवर भी युजवेंद्र चहल ने फेंका। लेकिन इस बार बारी भारतीय गेंदबाज की थी। उन्होंने ओवर की पहली और तीसरी गेंद पर क्रमशः शिमरॉन हेटमेयर और कीरोन पोलार्ड को पवेलियन की राह दिखाई।
16वां ओवर युजवेंद्र चहल लेकर आए। चहल की तीसरी गेंद पर शिमरॉन हेटमेयर ने छक्का लगाया। इसके साथ ही उन्होंने अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने 35 गेंद पर 2 चौके और 4 छक्के की मदद से अपनी फिफ्टी पूरी की।
14वां ओवर युजवेंद्र चहल लेकर आए। स्ट्राइक पर कीरोन पोलार्ड थे। पोलार्ड शुरुआती तीनों गेंदों पर बीट हुए। चौथी गेंद वाइड हो गई। इसके बाद पोलार्ड ने अगली गेंद पर छक्का जड़ दिया। पोलार्ड ने आखिरी गेंद पर भी एक रन लिया।
रविंद्र जडेजा ने शिमरॉन हेटमेयर और ब्रैंडन किंग की साझेदारी तोड़ दी। जडेजा ने किंग को 31 रन के निजी स्कोर पर विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों स्टम्प करा दिया। किंग की जगह कप्तान कीरोन पोलार्ड मैदान में आए हैं।
लुईस के बाद शिमरॉन हेटमेयर ने मोर्चा संभाल लिया है। उन्होंने अब तक 15 गेंदें खेली हैं। इसमें वे 2 छक्के की मदद से 22 रन बना चुके हैं। दूसरे छोर पर खड़े ब्रैंडन किंग भी एक छक्के, 2 चौके की मदद से 21 गेंद पर 30 रन बना चुके हैं।
ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर रहे एविन लुईस पवेलियन लौट चुके हैं। लुईस ने 17 गेंद पर 3 चौके और 4 छक्के की मदद से 40 रन बनाए। उन्हें वॉशिंगटन सुंदर ने एलबीडब्ल्यू किया। उनकी जगह शिमरॉन हेटमेयर क्रीज पर आए हैं।
वेस्टइंडीज को अच्छी शुरुआत के बाद तगड़ा झटका लगा है। उसने दूसरे ओवर में ही ओपनर लेंडल सिमंस का विकेट गंवा दिया। सिमंस 2 के निजी स्कोर पर दीपक चाहर की गेंद पर रोहित शर्मा के हाथों स्लिप में लपके गए।
वेस्टइंडीज : कीरोन पोलार्ड (कप्तान), एविन लुईस, लेंडल सिमंस, ब्रैंडन किंग, शिमरॉन हेटमेयर, दिनेश रामदीन (विकेटकीपर), जेसन होल्डर, खैरी पिएरे, केसरिक विलियम्स, शेल्डन कॉटरेल, हेडन वाल्श जूनियर।
वेस्टइंडीज : कीरोन पोलार्ड (कप्तान), एविन लुईस, लेंडल सिमंस, ब्रैंडन किंग, शिमरॉन हेटमेयर, दिनेश रामदीन (विकेटकीपर), जेसन होल्डर, खैरी पिएरे, केसरिक विलियम्स, शेल्डन कॉटरेल, हेडन वाल्श जूनियर।
भारत : विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, केएल राहुल, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), शिवम दुबे, रविंद्र जडेजा, वॉशिंगटन सुंदर, दीपक चाहर, भुवनेश्वर कुमार, युजवेंद्र चहल।