भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेली जा रही पांच मैचों की टी20 सीरीज रोमांचक मोड़ पर है। पहला मैच भारत ने जीता था तो दूसरे मैच में मेहमान कैरेबियाई टीम ने जीत दर्ज की थी। तीसरे मैच में भारतीय टीम ने जीत के साथ सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली है। इसी बीच दूसरे टी20 से जुड़े दो ऐसे मामले सामने आए हैं, जिसमें आईसीसी ने वेस्टइंडीज के दो खिलाड़ियों को फटकार लगाई है। यह मामले रांची में खेले गए सीरीज के दूसरे मुकाबले से जुड़े हैं।
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने वेस्टइंडीज के क्रिकेटर रोवमैन पॉवेल और शेरफेन रदरफोर्ड को शुक्रवार को भारत के खिलाफ रांची में खेले गए दूसरे टी-20 मुकाबले के दौरान आईसीसी की आचार संहिता का उल्लंघन करने के लिए फटकार लगाई गई है। दोनों खिलाड़ियों के खाते में एक-एक डिमेरिट अंक भी जोड़ा गया है जो पिछले 24 महीनों में दोनों का पहला उल्लंघन है।
क्या थे दोनों मामले?
रोवमैन पॉवेल को आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.2 के उल्लंघन का दोषी पाया गया। यह प्रावधान क्रिकेट उपकरणों के दुरुपयोग से संबंधित है। वेस्टइंडीज की पारी के छठे ओवर में मयंक यादव की गेंद पर आउट होने के बाद पॉवेल ने अपने बल्ले से गेंद को जोर से दूर मार दिया था।
वहीं वेस्टइंडीज के एक और खिलाड़ी शेरफेन रदरफोर्ड पर आचार संहिता के अनुच्छेद 2.8 के उल्लंघन का आरोप लगा, जो अंपायर के फैसले पर असहमति जताने से संबंधित है। वेस्टइंडीज की पारी के 13वें ओवर में एक गेंद को वाइड मानने वाले रदरफोर्ड ने गेंद को वैध करार दिए जाने के बाद अंपायर पर आक्रामक अंदाज में चिल्लाकर अपनी नाराजगी जाहिर की थी।
इन दोनों खिलाड़ियों ने अपनी-अपनी गलती स्वीकार कर ली और आईसीसी के अंतरराष्ट्रीय मैच रेफरी पैनल के सदस्य मैच रेफरी प्रकाश भट्ट की ओर से प्रस्तावित सजा को भी मान लिया। इसके चलते मामले में औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी। दोनों खिलाड़ियों के खिलाफ मैदान पर मौजूद अंपायर जयरमन मदनगोपाल और रोहन पंडित के अलावा तीसरे अंपायर नितिन मेनन तथा चौथे अंपायर वीरेंद्र शर्मा ने आरोप लगाए थे।
आईसीसी आचार संहिता के स्तर एक के उल्लंघन पर न्यूनतम सजा आधिकारिक फटकार है। इसके अलावा खिलाड़ी पर उसकी मैच फीस का अधिकतम 50 प्रतिशत जुर्माना लगाया जा सकता है और एक या दो डिमेरिट अंक दिए जा सकते हैं। मौजूदा सीरीज के तीन मैच हो चुके हैं और चौथा मुकाबला 14 अक्टूबर को हैदराबाद और आखिरी व पांचवां टी20 17 अक्टूबर को बेंगलुरु में होगा।
WCL 2026: इंडिया चैंपियंस लगातार 3 हार के बाद कैसे बनाएगी सेमीफाइनल में जगह, वेस्टइंडीज को हराकर मिलेगा टिकट? पढ़ें समीकरण
वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2026 के पहले चार में से तीन मैच इंडिया चैंपियंस की टीम गंवा चुकी है। लगातार तीन हार के बाद भारतीय टीम की सेमीफाइनल की राह मुश्किल लग रही है, लेकिन नामुमकिन नहीं है। वेस्टइंडीज के खिलाफ टीम सेमीफाइनल की दावेदारी मजबूत कर सकती है। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर
