भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं, लेकिन उनकी बल्लेबाजी के पीछे सिर्फ सहज अंदाज और बड़े शॉट लगाने की क्षमता ही नहीं है।

अभिषेक शर्मा मैदान पर उतरने से पहले यह भी सोचते हैं कि विपक्षी गेंदबाज उनके खिलाफ क्या रणनीति अपना सकते हैं और उन्हें कैसे उनका जवाब देना है।

वेस्टइंडीज के खिलाफ इंदौर में तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 30 गेंद में 69 रन की पारी खेलने के बाद अभिषेक शर्मा ने अपनी तैयारी के इस खास पहलू का खुलासा किया।

खुद को तैयार करना जरूरी: अभिषेक शर्मा

अभिषेक शर्मा ने बताया कि पावरप्ले का अधिकतम फायदा उठाने के लिए गेंदबाजों की योजना को समझना और अभ्यास के दौरान मुश्किल परिस्थितियों के लिए खुद को तैयार करना कितना जरूरी है।

अभिषेक शर्मा की यह सोच इंदौर में साफ दिखी। अभिषेक शर्मा ने 18 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। दिल्ली में अफगानिस्तान के खिलाफ 108 रन बनाने के बाद उनके अगले पांच टी20 इंटरनेशनल स्कोर 0, 7, 61, 21 और 20 रन रहे।

अभिषेक शर्मा की हालिया पारी ने दिखाया कि जब वह लय में होते हैं तो क्या कर सकते हैं। मैच के बाद उनकी बातों से उनके आक्रामक खेल के पीछे की मेहनत की झलक मिली।

अभिषेक शर्मा ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘‘तैयारी बहुत जरूरी है। अगर मुझे टीम की उम्मीद के मुताबिक इसी तरह बल्लेबाजी जारी रखनी है और पावरप्ले का फायदा उठाना है तो इसके लिए तैयारी मायने रखती है।’’

विपक्षी गेंदबाज को ध्यान में रखकर करता हूं तैयारी: अभिषेक शर्मा

अभिषेक ने कहा, ‘‘मैं जिस टीम के खिलाफ खेलने वाला होता हूं तो उसके गेंदबाजों को ध्यान में रखकर तैयारी करता हूं। मेरे पास एक हफ्ते का समय हो या कुछ दिन या सिर्फ दो-तीन दिन, मेरी तैयारी इस बात पर केंद्रित रहती है कि कौन सा गेंदबाज मेरे खिलाफ क्या रणनीति अपना सकता है और मैं अपनी योजना को कैसे लागू करके उस पर हावी हो सकता हूं। मैं हमेशा इसी तरह तैयारी करता हूं।’’

अभिषेक शर्मा के लिए तैयारी का मतलब उन परिस्थितियों के लिए खुद को तैयार करना भी है, जब गेंदबाज उनके पसंदीदा शॉट खेलने के मौके कम करने की कोशिश करते हैं। वह चाहते हैं कि मैच में पहली बार ऐसी चुनौती का सामना करने के बजाय अभ्यास के दौरान ही इसकी तैयारी कर लें।

अभिषेक शर्मा ने बताया, ‘‘यह मेरे लिए बहुत निजी मामला है। एक आक्रामक बल्लेबाज के तौर पर जब आपको दुनिया के बेहतरीन गेंदबाजों का सामना करना होता है तो आपको उनकी हर तरह की रणनीति के लिए तैयार रहना पड़ता है।’’

अभिषेक शर्मा ने कहा, ‘‘यह सब मेरी तैयारी पर निर्भर करता है। मैं अभ्यास के दौरान खुद को ऐसी परिस्थितियों में रखना चाहता हूं, जिनमें मुझे थोड़ी परेशानी हो ताकि मैच में अचानक कुछ नया देखकर हैरानी न हो।’’

अभिषेक शर्मा ने बताया, ‘‘मैं अभ्यास और ट्रेनिंग के दौरान खुद को जानबूझकर ऐसी स्थिति में रखता हूं ताकि जब मैच में गेंदबाज या विरोधी टीम मेरे खिलाफ वैसी रणनीति अपनाए तो मैं उसके लिए तैयार रहूं।’’

अभिषेक शर्मा ने रविवार 11 अक्टूबर 2026 को इंदौर में केवल लेग साइड में ताकतवर शॉट खेलने पर निर्भर रहने के बजाय ऑफ स्टंप के बाहर खाली जगह तलाशकर रन बनाए।

मैदान पर फील्डरों कहां हैं, यह भी ध्यान रखते हैं अभिषेक शर्मा

अभिषेक शर्मा ने कहा, ‘‘यह काफी हद तक इस बात पर निर्भर करता है कि मैदान पर क्षेत्ररक्षकों को कहां लगाया गया है। मैं जानबूझकर ऐसे शॉट खेलने की कोशिश नहीं करता। जब मैं फील्डिंग की स्थिति देखता हूं और मुझे जगह मिलती है तब मैं उसके हिसाब से शॉट खेलता हूं।’’

ऑफ स्पिनर रोस्टन चेज ने पिछले दोनों मैचों में अभिषेक शर्मा को आउट किया था, लेकिन इंदौर में भारतीय बल्लेबाज ने उनके खिलाफ बेहतर रणनीति के साथ बल्लेबाजी की।

अभिषेक शर्मा ने विकेट के दोनों तरफ रन बनाने के मौके तलाशे। यही वजह रही कि रोस्टन चेज के लिए एक ही लाइन और लेंथ पर गेंदबाजी करना मुश्किल हो गया।

अभिषेक शर्मा ने हर गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश करने के बजाय उन गेंदों को निशाना बनाया, जिन पर रन बनाने की गुंजाइश थी। साथ ही उन्होंने मैदान पर खाली जगहों का भी अच्छा इस्तेमाल किया।

बड़ी पारी खेलने के अपने तरीके के बारे में अभिषेक शर्मा ने कहा कि उनका लक्ष्य सिर्फ छक्के लगाना नहीं, बल्कि किसी एक ओवर में ज्यादा से ज्यादा रन बनाकर विपक्षी टीम पर दबाव बनाना होता है।

हमारा मकसद सिर्फ छक्के लगाना नहीं: अभिषेक शर्मा

अभिषेक शर्मा ने कहा, ‘‘हमारा मकसद सिर्फ छक्के लगाना नहीं है। हम कोशिश करते हैं कि जब भी मौका मिले, एक बड़ा ओवर निकाला जाए। अगर आपको अच्छी शुरुआत मिल जाती है तो इससे फर्क नहीं पड़ता कि आपने चौका लगाया या छक्का।’’

अभिषेक शर्मा ने कहा, ‘‘अहम यह है कि क्या आप उस शुरुआत को बड़े ओवर में बदल सकते हैं। हमारी योजना हमेशा यही रहती है। चाहे पावरप्ले का पहला या दूसरा ओवर हो या फिर पारी का कोई और ओवर हम बीच में एक बड़ा ओवर निकालने की कोशिश करते हैं।’’

अभिषेक शर्मा ने कहा, ‘‘मैं यह नहीं कहूंगा कि उन्होंने जानबूझकर ऐसा किया, लेकिन मुझे लगता है कि उन्होंने मेरे लिए रणनीति तैयार की थी। ऑफ स्पिनर मेरे सामने थे और यह उनके और मेरे बीच की जंग थी। उन्होंने इस शृंखला में अच्छी गेंदबाजी की है और इसलिए मैंने पहले ओवर में उन्हें सम्मान दिया। यह रणनीति मेरे लिए भी कारगर साबित हुई।’’

वेस्टइंडीज आसान विपक्षी टीम नहीं: अभिषेक शर्मा

अभिषेक ने कहा, ‘‘मैं पावरप्ले में कुछ रन बनाना चाहता था। अगर उन्होंने मेरे लिए रणनीति तैयार की थी तो मैं उससे बेहतर प्रदर्शन करना चाहता था। वेस्टइंडीज एक ऐसी टीम है जिसके खिलाफ आप कभी यह नहीं कह सकते कि मैच अब हमारे पक्ष में है। यह बात हमारे दिमाग में थी।’’

अभिषेक शर्मा ने कहा, ‘‘हमने पिछले मैच में देखा था कि वेस्टइंडीज ने कैसे परिस्थितियों का फायदा उठाया। हम जानते थे कि अगर उसका कोई बल्लेबाज टिक जाता है तो वह अपनी टीम को लक्ष्य तक पहुंचा सकता है। जब हमारे विकेट गिर रहे थे तब भी हमारे मन में यही बात थी। हम यही सोच रहे थे कि हम इसके बाद निर्मम रवैया अपनाएंगे और उन्हें वापसी का कोई मौका नहीं देंगे।’’

नमन धीर को छक्का जड़ना खतरे की घंटी, अगली गेंद पर आउट होता है बल्लेबाज, 1-2 नहीं 5 बार हुआ ऐसा

नमन धीर ने भारत-वेस्टइंडीज तीसरे टी20 में 3 ओवर में 39 रन देकर 2 विकेट लिए। पहले टी20 में उन्होंने 4 ओवर में 31 रन देकर 3 विकेट लिए। दूसरे टी20 में उन्होंने 2 ओवर में 25 रन देकर कोई सफलता हासिल नहीं की। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)