क्रिकेट वेस्टइंडीज के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) क्रिस डेहरिंग ने द्विपक्षीय क्रिकेट के रेवेन्यू मॉडल की आलोचना की है। इसके तहत मेजबान देश सीरीज से होने वाली पूरी कमाई (100%) अपने पास रख सकता है। उन्होंने भारत के खिलाफ चल रही व्हाइट-बॉल सीरीज का उदाहरण देते हुए कहा कि इससे उनके देश को कुछ भी हासिल नहीं होगा, जबकि इस सीरीज से 20 से 30 मिलियन अमेरिकी डॉलर (189 से 284 करोड़ रुपये) की कमाई होने की उम्मीद है। वेस्टइंडीज को शनिवार (17 अक्टूबर) को बेंगलुरु में चल रही सीरीज का पांचवां और आखिरी टी20 मैच खेलना है।

विजडन के ‘द स्कूप’ से बातचीत में डेहरिंग ने कहा कि 1997 में अपनाए गए मॉडल ने कैरेबियन देशों में इस खेल के पतन की शुरुआत कर दी थी। डेहरिंग ने कहा, ‘वेस्टइंडीज क्रिकेट को कुछ नहीं मिलेगा, क्योंकि यह सीरीज भारत में खेली जा रही है। भारत में होने वाली एक ऐसी सीरीज, जिससे 20 से 30 मिलियन अमेरिकी डॉलर की कमाई हो सकती है, उससे वेस्टइंडीज क्रिकेट को कोई रेवेन्यू नहीं मिलता।’

1997 में बदला वित्तीय मॉडल

डेहरिंग ने कहा, ‘यह समझने के लिए कि ऐसा कैसे हुआ आपको 1997 में वापस जाना होगा। इसे मेरी किस्मत कहें या बदकिस्मती मैं उस समय वहां मौजूद था, जब आईसीसी के सदस्य देशों ने उस वित्तीय मॉडल को बदलने के लिए वोट किया, जिस पर विश्व क्रिकेट टिका हुआ था। तब तक, वेस्टइंडीज एक बहुत ही आकर्षक टीम हुआ करती थी। हर कोई चाहता था कि हम उनका दौरा करें। हमें एक ‘टूरिंग फीस’ मिलती थी, जो अक्सर कैरेबियन देशों में किसी सीरीज की मेजबानी करके होने वाली कमाई से कहीं ज्यादा होती थी।’

खिलाड़ियों में वेतन को लेकर असंतोष

डेहरिंग ने बताया कि उस समय आईसीसी बोर्ड में सीडब्ल्यूआई के खिलाफ वोट पड़े थे, जिसका कैरेबियाई द्वीपों में खेल पर गहरा और स्थायी नकारात्मक असर पड़ा। कभी क्रिकेट में ताकत रही वेस्टइंडीज टीम का प्रदर्शन अब हर फॉर्मेट में गिर गया है। क्रिकेट वेस्टइंडीज को बार-बार वित्तीय संकट का सामना करना पड़ा है। खिलाड़ियों में वेतन को लेकर असंतोष भी रहा है। इसके चलते वहां बगावत की स्थिति बनी और टी20 फ्रीलांसरों (स्वतंत्र खिलाड़ियों) का चलन बढ़ता गया। हाल ही में लंबे समय से चले आ रहे वित्तीय संकट के कारण बोर्ड को अपने खिलाड़ियों के वेतन में कटौती करने और उनके साथ छोटे कार्यकाल के अनुबंध करने का फैसला लेना पड़ा।

वेस्टइंडीज क्रिकेट के खत्म होने की नींव रखी

डेहरिंग ने कहा, ‘यह (1997 का फैसला) पूरी तरह से अनुचित था। आईसीसी के सदस्य देशों ने 9 के मुकाबले 1 वोट से हमारे खिलाफ फैसला दिया। उस समय मैंने कहा था कि इस फैसले ने असल में वेस्टइंडीज क्रिकेट के खत्म होने की नींव रख दी है, क्योंकि इसने हमारी कमाई का मुख्य जरिया छीन लिया। इसका मतलब यह था कि भारत डेढ़ अरब की आबादी से होने वाली कमाई अपने पास रख सकता था, जबकि वेस्टइंडीज को केवल एंटीगुआ (जिसकी आबादी लगभग 1 लाख है) या सेंट किट्स (जिसकी आबादी लगभग 30 हजार है) से होने वाली कमाई से ही संतोष करना पड़ता।’

रेवेन्यू शेयरिंग मॉडल निराशाजनक

क्रिकेट वेस्टइंडीज के पूर्व अध्यक्ष डेव कैमरून ने भी हाल ही में मीडिया से बातचीत में कुछ ऐसी ही बातें कही हैं और रेवेन्यू शेयरिंग मॉडल को निराशाजनक बताया है। आईसीसी के कुल रेवेन्यू में वेस्टइंडीज का हिस्सा लगभग 5 प्रतिशत है, जबकि भारत को अपने बड़े मार्केट और ज्यादा मुनाफा कमाने की क्षमता के कारण 38 प्रतिशत से कुछ अधिक का सबसे बड़ा हिस्सा मिलता है।

भारत की बादशाहत को खतरा

भारतीय टीम साढ़े 6 साल यानी फरवरी 2019 से घरेलू सरजमीं पर टी20 सीरीज में नहीं हारी है। ऐसे में वेस्टइंडीज के खिलाफ आखिरी टी20 मैच में शनिवार को भारतीय टीम पर बादशाहत को बचाने का दबाव होगा। पूरी खबर पढ़ें।