भारत और श्रीलंका के बीच गॉल में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के पांचवें दिन एक मजेदार वाकया देखने को मिला। यह मामला था पहले सत्र का जब श्रीलंकाई टीम की दूसरी पारी का 60वां ओवर चल रहा था। इस ओवर में गेंदबाजी कर रहे थे प्रसिद्ध कृष्णा और स्ट्राइक पर थे श्रीलंका के निरोशन डिकवेला। फिर ओवर की पांचवीं गेंद के बाद डिकवेला और यशस्वी जायसवाल के बीच कुछ बातचीत हुई और अगली गेंद पर ही प्रसिद्ध ने श्रीलंकाई बल्लेबाज को पवेलियन भेज दिया।
दरअसल विकेट मिलने वाली गेंद से पहले ही यशस्वी जायसवाल ने निरोशन डिकवेला को उकसाया था। दोनों के बीच खास बातचीत को स्टंप माइक में रिकॉर्ड भी किया गया। इसके बाद जब भारत को छठा विकेट मिला तो सभी ने भागते हुए यशस्वी को गले भी लगाया। दोनों की इस बातचीत का ऑडियो वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल है। अब जानते हैं आखिर क्या बातचीत दोनों खिलाड़ियों के बीच हुई, जिसका फायदा कृष्णा उठा ले गए।
यशस्वी और डिकवेला के बीच क्या बात हुई?
यशस्वी जायसवाल स्क्वैर लेग पर फील्डिंग कर रहे थे और डिकवेला को उन्होंने उकसाना शुरू कर दिया। सबसे पहले जायसवाल ने कहा,”कम ऑन यार, पहली पारी में तुमने बहुत शॉट खेले थे, हमें फिर से कुछ देखना है, कम ऑन (Come on yaar, there was a lot of shots in first innings. We need to see something, come on)।” इसके बाद डिकवेला ने हां (Yes) कहते हुए इसका जवाब दिया।
यशस्वी फिर भी नहीं शांत हुए और उन्होंने फिर से कहा,”हां मैं देखना चाहता हूं, कम ऑन मुझे दिखाओ (Yes, I want to see. Come on, show me)।” यशस्वी ने डीप स्क्वैर लेग की तरफ इशारा करते हुए कहा,”मारो उसे उधर, कम ऑन, क्यों नहीं (Hit him there,come on. Why not?)।” डिकवेला ने फिर इसका जवाब दिया और कहा,”इसकी कोई जरूरत नहीं है, मुझे आईपीएल में ले चलो, मैं वहां मारकर दिखाऊंगा (No requirement. Take me IPL, then I’ll hit) ।”
इसका जवाब देते हुए जायसवाल ने कहा,”हां, हां, 100 पर्सेंट हम ले चलेंगे। कम ऑन, उसे (प्रसिद्ध को) सिक्स मारो, मैं आईपीएल में ले चलूंगा (We will, we will. 100%. Come on, hit him a six , I’ll take you to the IPL)।” फिर डिकवेला थैंक्यू कहते हुए बात खत्म करते हैं, लेकिन ऑफ स्टम्प के बाहर अगली ही गेंद पर वह प्रसिद्ध कृष्णा की शॉर्ट पिच बॉल पर विकेटकीपर ऋषभ पंत के हाथों कैच आउट हो जाते हैं।
भारत और जीत के बीच अड़े सोनल दिनूशा, लंच तक श्रीलंका का स्कोर 175/6
भारत और श्रीलंका के बीच खेले जा रहे गॉल टेस्ट का आज 5वां और आखिरी दिन है। लंच तक श्रीलंका ने 6 विकेट पर 175 रन बनाए हैं। सोनल दिनूशा पहली पारी में शतक के बाद दूसरी पारी में अर्धशतक लगाकर डटे हुए हैं। क्लिक करें और देखें गॉल टेस्ट के लाइव अपडेट्स और स्कोरकार्ड
