भारतीय टीम में इन दिनों खिलाड़ियों की चोट की समस्या सबसे ज्यादा चिंता का विषय है। इसके कारण बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस पर भी कई सवाल उठ रहे हैं। जसप्रीत बुमराह, साई सुदर्शन पहले ही श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बाहर हो चुके हैं। वहीं गॉल में 15 अगस्त से होने वाले पहले टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं रहने वाले वाशिंगटन सुंदर पर दूसरे मैच से भी बाहर होने का खतरा बना हुआ है।

आपको बता दें कि जब भारतीय टीम का श्रीलंका दौरे के लिए चयन हुआ था तो वाशिंगटन सुंदर को पहले टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं बताया गया था। सुंदर इंग्लैंड दौरे पर हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण बाहर हो गए थे। अब टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक सीओई और भारतीय टीम मैनेजमेंट सुंदर की इंजरी पर कोई जल्दबाजी नहीं करना चाहते हैं। यही कारण है कि वह दूसरे टेस्ट से भी बाहर रह सकते हैं।

रिप्लेसमेंट का ऐलान नहीं करेंगे चयनकर्ता!

बीसीसआई के एक सूत्र ने बताया,”इस वक्त पर वाशिंगटन सुंदर के श्रीलंका जाने के आसार बहुत कम हैं। टीम मैनेजमेंट को पहले ही इसी हिसाब से प्लान करने की जानकारी दे दी गई है। बीसीसीआई की मेडिकल टीम उन्हें टेस्ट मैच खिलाने के लिए जल्दबाजी नहीं करना चाहती है। पिछले कुछ समय में ऐसे मामले सामने आए हैं, जब खिलाड़ी रिकवर होने के बाद फिर से तुरंत चोटिल हो गए।”

सूत्र ने यह भी बताया,”वाशिंगटन सुंदर को सिर्फ दूसरे टेस्ट मैच के लिए ही टीम में रखा गया था। उन्होंने इंग्लैंड में पिछले महीने इंजरी के बाद से क्रिकेट नहीं खेला है। उनका वर्कलोड भी चर्चा का विषय है।” जानकारी के मुताबिक अब चयनकर्ता सुंदर के रिप्लेसमेंट का ऐलान करने के पक्ष में भी नहीं हैं, क्योंकि सारांश जैन को पहले ही टीम में लाया जा चुका है और अभ्यास मैच में भी वह नजर आए थे।

श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए भारत का मौजूदा स्क्वाड

शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), यशस्वी जयसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुतार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन, आकिब नबी, सरफराज खान।

‘मैं भारतीय मैनेजमेंट में होता…’: सिराज, प्रसिद्ध नहीं 95 विकेट लेने वाले पेसर को श्रीलंकाई दिग्गज ने बताया खतरनाक

भारत और श्रीलंका के बीच 15 अगस्त से टेस्ट सीरीज शुरू होगी। इस सीरीज से पहले श्रीलंकाई दिग्गज ने भारत के एक तेज गेंदबाज को खतरनाक बताया है। उन्होंने श्रीलंकाई टीम को इस गेंदबाज की गति और उछाल से सावधान रहने के संकेत दिए हैं। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर