भारत और श्रीलंका के बीच गॉल पहले टेस्ट के चौथे दिन मैदान पर मुकाबला जारी था, लेकिन कमेंट्री बॉक्स में कुछ देर के लिए दूसरा ही ‘टेस्ट मैच’ शुरू हो गया। लाइव शो के दौरान पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय मांजरेकर और मुरली कार्तिक एक-दूसरे पर तीखे कमेंट करते नजर आए। दोनों के बीच बातों-बातों में ऐसा माहौल बना कि अजिंक्य रहाणे और शो के होस्ट भी कुछ देर असहज दिखे। इस दौरान दोनों पूर्व क्रिकेटरों के बीच हुई नोकझोंक का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है।

गॉल टेस्ट में सोमवार 18 अगस्त 2026 को मैच के दौरान संजय मांजरेकर और मुरली कार्तिक अजीब स्थिति में फंस गए। दोनों चल रहे मैच पर चर्चा कर रहे थे, तभी अचानक बातचीत क्रिकेट से हटकर संजय मांजरेकर के चेहरे के हाव-भाव पर चली गई। मजाक-मजाक में शुरू हुई यह बातचीत जल्द ही दोनों पूर्व क्रिकेटरों के बीच एक-दूसरे पर निजी टिप्पणियों में बदल गई।

मुरली कार्तिक का संजय मांजरेकर पर कमेंट

मुरली कार्तिक ने सबसे पहले मांजरेकर के चेहरे के हाव-भाव का मजाक उड़ाया और उनसे कहा कि वह सदी का सबसे अजीब पाउट बनाना बंद करें, क्योंकि इससे उनकी बात समझना मुश्किल हो रहा था। संजय मांजरेकर ने जवाब दिया, यह बहुत बुरा था और साथ ही कार्तिक के लुक पर भी टिप्पणी की। उन्होंने सुझाव दिया कि कैमरा किसी और पर फोकस करे क्योंकि दूसरे व्यक्ति (अजिंक्य रहाणे) का चेहरा ज्यादा अच्छा था।

मुरली कार्तिक ने पलटवार करते हुए कहा कि संजय मांजरेकर को ही खुद को देखना पसंद है। संजय मांजरेकर ने कहा कि मुरली कार्तिक के लिए आईने में देखने की कोई वजह हो सकती है। मुरली कार्तिक ने कहा कि वह कभी खुद को नहीं देखते और साथ ही कहा कि जिन लोगों ने संजय मांजरेकर के साथ खेला या काम किया है, वे उन्हें अच्छी तरह जानते होंगे।

इसके बाद मांजरेकर ने बातचीत को सामान्य करने की कोशिश करते हुए कहा कि दोनों इस दौरान अपनी सीमाएं पार कर सकते हैं और सोशल मीडिया पर इसको लेकर खूब चर्चा हो सकती है। उन्होंने कहा, हम दोनों यहां सीमाएं पार करने वाले हैं और सोशल मीडिया का दिन बन जाएगा।

Watch Video

भारत और जीत के बीच खड़े हुए सोनल दिनुशा-धनंजय डी सिल्वा, गॉल में आखिरी दिन इंद्रदेव पर होंगी निगाहें

श्रीलंका का स्कोर 34 ओवर में 4 विकेट पर 84 रन है। जीत के लिए 288 रन चाहिए। सोनल दिनुशा 35 और कप्ताव धनंजय डी सिल्वा 31 रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारत को 5वें दिन 6 विकेट लेने में दिक्कत हो सकती है क्योंकि गॉल में बारिश की संभावना है। (पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें)