श्रीलंका के पूर्व ऑलराउंडर फरवीज महरूफ का मानना है कि जसप्रीत बुमराह की गैर-मौजूदगी में नए तेज गेंदबाज गुरनूर बरार भारत के लिए एक्स-फैक्टर साबित हो सकते हैं। महरूफ ने कहा कि वह शनिवार से गाले में शुरू होने वाली श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की सीरीज में इस 26 वर्षीय खिलाड़ी को टेस्ट डेब्यू का मौका देना चाहेंगे।
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में उम्मीद है कि तेज गेंदबाजी आक्रमण की कमान मोहम्मद सिराज संभालेंगे जबकि गुरनूर बरार प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने के लिए प्रसिद्ध कृष्णा से मुकाबला करेंगे। सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के वर्चुअल मीडिया इवेंट में पीटीआई के एक सवाल के जवाब में महरूफ ने कहा कि खासकर पुरानी गेंद से रिवर्स-स्विंग कराने की जो काबिलियत बुमराह के पास है, उसकी भारत को बहुत कमी खलेगी।
गुरनूर बरार होंगे एक्स फैक्टर
महरूफ ने आगे कहा कि मोहम्मद सिराज एक अच्छे गेंदबाज हैं और उनका पूरा सम्मान करते हुए कह रहा हूं, लेकिन जब आप दोनों तेज गेंदबाजों की तुलना करते हैं तो थोड़ा अंतर तो है ही। भारत के वॉर्म-अप मैच के दौरान महरूफ, बरार से काफी प्रभावित हुए। पंजाब के इस लंबे-कद वाले तेज गेंदबाज ने अपनी रफ्तार और उछाल से कई बल्लेबाजों को परेशान किया। उन्होंने कहा कि मुझे गुरनूर बरार बहुत पसंद हैं। मुझे लगता है कि वह एक्स-फैक्टर साबित हो सकते हैं। उनमें उछाल, रफ्तार और लड़ने का जज्बा है और वह काफी खतरनाक साबित हो सकते हैं।
तीन स्पिनर के साथ उतर सकता है भारत
महरूफ को यह भी लगता है कि रविंद्र जडेजा और कुलदीप यादव के साथ भारत के तीसरे स्पिनर के तौर पर मानव सुतार को मौका मिल सकता है। उन्होंने कहा कि मैं प्लेइंग इलेवन में भारत के तीन स्पिनर को देखरता हूं जिसमें रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव और मानव या सारांश जैन में से कोई एक हो सकता है। आप टीम में एक ऑफ-स्पिनर भी चाहेंगे और अगर मानव सुतार खेलते हैं तो मुझे कोई हैरानी नहीं होगी क्योंकि पिच से बाउंस हासिल करने की उनकी क्षमता गॉल में बहुत काम आ सकती है।
प्रभात जयसूर्या भारतीय बल्लेबाजों को कर सकते हैं परेशान
महरूफ को उम्मीद है कि इस टेस्ट सीरीज में कड़ी टक्कर देखने को मिलेगी और उन्होंने इसे 1-1 से ड्रॉ होने का अनुमान लगाया । साथ ही गॉल में प्रभात जयसूर्या श्रीलंका के लिए अहम हथियार साबित हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय बल्लेबाजों के लिए सबसे बड़ी चुनौती निश्चित रूप से स्पिनर होंगे। मुझे पक्का यकीन है कि प्रभात जयसूर्या भारतीय बल्लेबाजों के लिए सबसे बड़ी चुनौती साबित होंगे। उन्हें पता है कि हवा के साथ गेंदबाजी कैसे करनी है और गॉल में हवा एक अहम भूमिका निभाएगी क्योंकि इससे स्पिनर गेंद को ड्रिफ्ट करा सकते हैं।
ध्रुव जुरेल या सरफराज खान, प्लेइंग 11 में नंबर 6 के लिए कौन हैं ज्यादा फिट; पूर्व भारतीय विकेटकीपर ने बताया नाम
टीम इंडिया के पूर्व विकेटकीपर सबा करीब ने बताया कि पहले टेस्ट के लिए भारत की प्लेइंग इलेवन में किन तीन तेज गेंदबाजों को शामिल करना चाहिए साथ ही नंबर 6 पर ध्रुव या सरफराज खान में से किसे मौका मिल सकता है। (इस खबर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
