भारतीय टीम के ओपनर बैटर केएल राहुल ने श्रीलंका के खिलाफ गॉल में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में टीम के लिए अच्छी बैटिंग की, लेकिन वो अपने शतक के करीब आकर उससे चूक गए। राहुल के पास इस मैच में अपना शतक पूरा करने का बेहतरीन मौका था, लेकिन उन्होंने शायद इस मौके को गंवा दिया हालांकि उनकी पारी खराब को बिल्कुल भी नहीं रही।
केएल राहुल ने खेली 82 रन की पारी
केएल राहुल ने पहले टेस्ट मैच की पहली पारी में 175 गेंदों का सामना करते हुए एक छक्का और 10 चौकों की मदद से 82 रन की पारी खेली और इस दौरान उन्होंने अपना अर्धशतक 127 गेंदों पर पूरा किया था। टेस्ट प्रारूप में ये राहुल का 21वां अर्धशतक भी रहा। राहुल इस मैच के पहले दिन जब 77 रन के स्कोर पर खेल रहे थे तब उन्हें ऐंठन की परेशानी हुई और उसके बाद उन्हें मैदान छोड़कर बाहर जाना पड़ा था। केएल राहुल ठीक से चल भी नहीं पा रहे थे और पहले दिन मैदान से बाहर जाने के बाद वो बल्लेबाजी के लिए दोबारा नहीं आ पाए थे।
पहले टेस्ट मैच में दूसरे दिन का खेल बारिश की वजह से काफी देर से शुरू हुआ और दूसरे दिन जब ऋषभ पंत 39 रन के स्कोर पर आउट हो गए उसके बाद राहुल दूसरे दिन फिर से बैटिंग के लिए आए थे। पहले दिन राहुल ने जिस तरह से बैटिंग की थी उसके बाद अंदाजा तो यही लगाया जा रहा था कि वो शतक तक पहुंच जाएंगे, लेकिन केशारा नुवंथा ने उनकी पारी का अंत 82 रन के स्कोर पर कर दिया। केशारा की गेंद पर राहुल का कैच शॉर्ट लेग पर निशान फर्नान्डों ने पकड़ दिया। केशारा ने राहुल को प्रैक्टिस मैच में भी आउट किया था।
पहली पारी में केएल राहुल ने दूसरे विकेट के लिए देवदत्त पडीक्कल के साथ मिलकर 162 रन की शानदार साझेदारी की थी जबकि पहली पारी में यशस्वी जायसवाल 32 रन बनाकर आउट हो गए। वहीं कप्तान शुभमन गिल का बल्ला पहली पारी में नहीं चला और वो 16 रन के स्कोर पर अपना विकेट गंवाकर पवेलियन लौट गए। पहली पारी में पहले विकेट के लिए यशस्वी और राहुल के बीच 47 रन की साझेदारी हुई थी जबकि चौथे विकेट के लिए देवदत्त और ऋषभ पंत के बीच 71 रन की साझेदारी हुई थी।
ऋषभ पंत ने तोड़ा एडम गिलक्रिस्ट का रिकॉर्ड, विदेशी धरती पर सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले टॉप-5 विकेटकीपर
IND vs SL 1st Test: ऋषभ पंत ने गॉल टेस्ट की पहली पारी में पहले दिन एक छक्का लगाया और टेस्ट में विदेशी धरती पर सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में पहले नंबर पर आ गए और एडम गिलक्रिस्ट का रिकॉर्ड तोड़ दिया। (इस खबर को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
