भारतीय टीम को साउथ अफ्रीका के खिलाफ सुपर 8 के पहले मैच में मिली हार का मुद्दा शांत होता नहीं दिख रहा है। लगातार पूर्व दिग्गज इस पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। जहां पूर्व बल्लेबाज संजय मांजरेकर ने भारत को रिएलिटी चेक देने और हराने के लिए साउथ अफ्रीका को शुक्रिया कहा था। वहीं अब भारत के पूर्व कोच और ऑलराउंडर रवि शास्त्री ने इस हार के बाद अपनी खुशी जाहिर की है।
शास्त्री ने आईसीसी के पॉडकास्ट आईसीसी रिव्यू में संजना गणेशन के साथ बात करते हुए यह बयान दिया है। उन्होंने कहा, मुझे खुशी है कि इस स्टेज पर ही भारत को साउथ अफ्रीका ने हरा दिया। वहीं उन्होंने यह भी कहा कि यह झटका टीम इंडिया के लिए जरूरी था। लगातार आप 12 मुकाबले टी20 वर्ल्ड कप में जीते हैं, इससे आपको नए कॉम्बिनेशन, नई रणनीतियां बनाने में मदद मिलेगी।
रवि शास्त्री ने कहा,”मुझे खुशी है कि अभी ऐसा हो गया (भारत की हार)। खासतौर से उस टीम के खिलाफ जिसे कंफर्म सेमीफाइनलिस्ट माना जा रहा है। यह झटका टीम इंडिया के लिए जरूरी था। यह उन्हें अपनी रणनीतियों के बारे में सोचना और सही टीम बैलेंस क्या है, इसके लिए सोचने पर मजबूर करेगा। मुझे पूरी तरह भरोसा है कि वह (भारतीय टीम) वापसी करेंगे। वह अपने अनुभव से सीखेंगे और आगे चीजों को हल्के में नहीं लेंगे। यहां अगर आप एक मैच और सुपर 8 में हार गए तो यह आपके ऊपर बड़ा दबाव बनाएगा।”
अक्षर पटेल को लेकर क्या बोले शास्त्री?
भारत के पूर्व हेड कोच ने अक्षर पटेल और वाशिंगटन सुंदर को लेकर चल रहे डिबेट पर कहा,”मुझे लगता है कि उन्हें (अक्षर को) टीम में वापस लाना चाहिए। आपको अनुभव की जरूरत होती है। मैं यह कहूंगा कि अगर संभव है तो आप दोनों को खिलाएं। इससे आपको एक अतिरिक्त विकल्प मिलेगा, क्योंकि कोई भी दिन किसी एक गेंदबाज के लिए खराब हो सकता है। जैसे उस दिन वरुण चक्रवर्ती का दिन नहीं था। आपके पास बैकअप होना चाहिए।”
वहीं उन्होंने बल्लेबाजी की मजबूती को लेकर कहा,”अक्षर और सुंदर दोनों को खिलाने से आपकी 8वें नंबर तक बैटिंग मजबूत हो जाएगी। अगर अक्षर खेलते हैं तो उन्हें नंबर 8 पर खिला सकते हैं। वहीं हार्दिक पांच, दुबे 6 और सुंदर 7 पर खेल सकते हैं। अगर जरूरत पड़ती है तो अक्षर को नंबर 5 पर भी भेजा जा सकता है।”
रवि शास्त्री के इस बयान से साफ है कि वह रिंकू सिंह को अपने हिसाब से प्लेइंग 11 का हिस्सा नहीं समझ रहे हैं। उन्होंने साफतौर पर कहा कि अगर 8 नंबर तक आपके पास बल्लेबाजी है और फिर भी टी20 क्रिकेट में आप अच्छा नहीं कर पा रहे हैं, तो कहीं ना कहीं गड़बड़ जरूर है। इसलिए आपको एक अतिरिक्त गेंदबाजी विकल्प जरूर चुनना चाहिए।
यह भी पढ़ें- महिला टी20 वर्ल्ड कप का शेड्यूल जारी: पाकिस्तान के खिलाफ मैच से शुरू होगा भारत का अभियान
यह भी पढ़ें- T20 World Cup: टीम इंडिया अब भी बना सकती है सेमीफाइनल में जगह, 4 पॉइंट्स में समझिए पूरा गणित
