भारत के पूर्व खिलाड़ी और कमेंटेटर संजय मांजरेकर ने टी20 वर्ल्ड कप में भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव के जरूरत से ज्यादा सावधानी से बल्लेबाजी करने की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि यह शैली टी20 क्रिकेट के लिए खतरनाक है। भारत को सुपर-8 का पहला मैच रविवार (22 फरवरी) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में साउथ अफ्रीका के खिलाफ करना है। इससे पहले मांजरेकर ने सूर्यकुमार की बल्लेबाजी पर सवाल उठाए। उन्होंने अमेरिका के खिलाफ मैच में सूर्या की बल्लेबाजी की तारीफ की।
संजय मांजरेकर ने इंस्टाग्राम पर कहा, ‘सूर्यकुमार यादव में मुझे कुछ ऐसा दिख रहा है, जो मुझे पसंद नहीं आ रहा। वानखेड़े में भारत-अमेरिका मैच में 77 पर 6 विकेट गिरने के बाद सूर्यकुमार यादव को अपनी शैली बदलनी पड़ी, जो उन्होंने बहुत अच्छे से किया। थोड़ा धीमा हुए और फिर धमाकेदारी पारी खेली। एक शानदार स्कोर बनाया और प्लेयर ऑफ द मैच बने।’
हार्दिक पांड्या,शिवम दुबे और रिंकू सिंह को कम मौके मिल रहे
संजय मांजरेकर ने कहा, ‘इसके बाद से मुझे लगता है कि वह थोड़ा ज्यादा खिंच रहे हैं। पाकिस्तान के खिलाफ जब भारत ने कुछ विकेट खो दिए थे तो वह जरूरत से ज्यादा सावधानी से खेलने लगे।वह और तिलक वर्मा दोनों थोड़ा धीमे खेल रहे हैं। अंत में होता यह है कि हार्दिक पांड्या,शिवम दुबे और रिंकू सिंह जैसे खिलाड़ियों को ज्यादा मौके नहीं मिल पाते।’
सूर्या को सावधान रहना चाहिए
संजय मांजरेकर ने कहा, ‘टी20 क्रिकेट में यह खतरनाक चीज है,जहां सीनियर खिलाड़ी या कप्तान को पहले बल्लेबजी करते हुए महसूस होता है कि उसे डटे रहना है। आप 200 से ज्यादा का लक्ष्य देने की कोशिश करते हैं। शीर्ष-4 में ऐसा को खिलाड़ी होता है जो सोचता है कि उसे पारी को नियंत्रित करना है और भारत को निश्चित स्कोर तक पहुंचाना है तो यह खतरनाक तरीका है। किसी बल्लेबाज को ऐसा नहीं सोचना चाहिए। सूर्या को सावधान रहना चाहिए।’
यह भी पढ़ें: सूर्या ने संजू को टीम में लाने के सवाल पर कहा- तो क्या अभिषेक या तिलक वर्मा को ड्रॉप कर दूं
