टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 के मुकाबले में साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारतीय टीम को 76 रनों से बड़ी हार का सामना करना पड़ा। टी20 वर्ल्ड कप में रन के लिहाज से भारत की सबसे बड़ी हार है। अहमदाबाद में रविवार (22 फरवरी) को भारतीय टीम बगैर उपकप्तान अक्षर पटेल के उतरी। उनकी जगह वाशिंगटन सुंदर खेले, लेकिन गेंद या बल्ले से प्रभाव नहीं डाल पाए। मैच के बाद भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर के साथी रेयान टेन डोएशे ने स्वीकार किया कि अक्षर को न खिलाकर गलती हुई।

रेयान टेन डोएशे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा,’हमने विचार-विमर्श करने में काफी समय लगाया। हम मैचअप देख रहे थे। पीछे मुड़कर देखने पर यह गलत फैसला लगा। अक्षर पर सवाल नहीं है। बहुत निराश हैं। किसी से वर्ल्ड कप थाली में परोसकर देने की उम्मीद नहीं करते। हमें एक गलती करने की छूट है। खिलाड़ी वापसी कर सकते हैं। दो बड़े मैच आने वाले हैं।’

अक्षर पटेल की जगह वाशिंगटन सुंदर खेले

भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस के दौरान कहा कि वह नीदरलैंड्स के खिलाफ प्लेइंग 11 के साथ ही उतरेंगे। उन्होंने अक्षर पटेल की जगह वाशिंगटन सुंदर को खिलाने को रणनीतिक फैसला बताया। उन्होंने कहा, ‘यह अक्षर पटेल के लिए बहुत कठिन फैसला है, लेकिन हम उसी टीम के साथ जा रहे हैं। यह सिर्फ एक रणनीतिक फैसला है। इसलिए पिछले मैच से कोई बदलाव नहीं है।’

भारत का रनरेट काफी खराब

साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 187 रन बनाए। इसके जवाब में भारतीय टीम 18.5 ओवर में 111 रन पर आउट हो गई। इस बड़ी हार से भारतीय टीम सुपर-8 के ग्रुप 1 में अंतिम स्थान पर पहुंच गई। उसका रनरेट -3.800 हो गया। साउथ अफ्रीका पहले नंबर पर पहुंच गया। भारतीय टीम को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए बड़ी जीत दर्ज करनी होगी। जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज से उसे भिड़ना है।

यह भी पढ़ें: भारत-साउथ अफ्रीका सुपर 8 मैच के बाद अंकतालिका, टॉप 5 बैटर-बॉलर
यह भी पढ़ें: बुमराह ने डिकॉक को तीसरी बार किया आउट, भारतीय तेज गेंदबाज के खिलाफ खराब है ओपनर का रिकॉर्ड