टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अब एक बार फिर संजू सैमसन को बेंच पर ही बैठना पड़ सकता है। विश्व कप से पहले उन्हें बतौर ओपनर कई मौके मिले। उनके लिए शुभमन गिल को भी टीम से बाहर किया गया। अब उनके खराब फॉर्म को देखते हुए भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बड़ा फैसला लिया है। वार्म अप मैच में साउथ अफ्रीका के खिलाफ सूर्या ने साफ कर दिया कि अभिषेक शर्मा और इशान किशन ओपनर होंगे।

क्या बोले कप्तान सूर्या?

संजू सैमसन इससे पहले टी20 वर्ल्ड कप 2024 में भी पूरे सीजन बेंच पर ही बैठे रहे थे। इस विश्व कप में उम्मीद थी कि वह बतौर ओपनर अभिषेक शर्मा के साथ जलवा बिखेरेंगे। न्यूजीलैंड के खिलाफ लगातार पांच मैचों में फ्लाप होने के बाद उन्होंने अपने पैर पर कुल्हाड़ी मार ली है। टॉस के वक्त जब ओपनिंग जोड़ी के लिए कप्तान सूर्यकुमार यादव से पूछा गया तो, उन्होंने सीधे कहा, बिल्कुल इशान-अभिषेक।

संजू सैमसन का खेल खत्म?

यानी अब यह साफ है कि संजू सैमसन की बतौर ओपनर छुट्टी हो सकती है। अब देखना होगा कि इशान किशन नए रोल में खुद को कैसे साबित करते हैं। इससे पहले न्यूजीलैंड सीरीज में तिलक वर्मा की गैरमौजूदगी में नंबर 3 पर खेलते हुए इशान ने कमाल की बल्लेबाजी की थी। अब बतौर ओपनर भी उनसे टीम इंडिया और उसके फैंस को काफी उम्मीद रहेगी।

संजू सैमसन ने न्यूजीलैंड सीरीज की पांच पारियों में 46 रन बनाए थे। वहीं इशान ने चार पारियों में 215 रन बनाए थे। यही कारण है कि इशान को अब बतौर नए ओपनर चुना गया है। संजू को अब टीम में मौका तब ही मिल सकता है अगर इशान फ्लाप होते हैं। वहीं किसी इंजरी की कंडीशन में भी उनको टीम में मौका मिल सकता है। अब देखना होगा कि ऐसा कब होगा, फिलहाल उनकी टीम से छुट्टी हो चुकी है।

अभिषेक-इशान की खतरनाक जोड़ी

अब टीम इंडिया के लिए पारी की शुरुआत करते हुए नई जोड़ी नजर आने वाली है। वार्म अप मैच के बाद विश्व कप के लीग मैच में भी अभिषेक शर्मा और इशान किशन ही पारी की शुरुआत करते दिखने वाले हैं। यह जोड़ी दोनों खिलाड़ियों के हालिया फॉर्म को देखते हुए विरोधी टीमों के लिए काफी खतरनाक साबित हो सकती है।

यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी का तूफान, हेलीकॉप्टर शॉट से लूटी महफिल; बाबर आजम का रिकॉर्ड तोड़ने से चूके

यह भी पढ़ें: T20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले ICC रैंकिंग: पाकिस्तानी ऑलराउंडर नंबर 1, अभिषेक-वरुण की बादशाहत बरकरार