महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में रविवार को टीम इंडिया अपना अभियान शुरू करने जा रही है। टूर्नामेंट के छठे मुकाबले में भारत और पाकिस्तान का आमना-सामना होगा। इस मुकाबले से पहले एक बार फिर हैंडशेक विवाद सुर्खियों में है। पुरुष एशिया कप 2025 के दौरान खड़े हुए इस विवाद के बाद से महिला क्रिकेट हो या पुरुष क्रिकेट, आईसीसी टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान के कप्तानों ने हाथ नहीं मिलाया है। अब पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले इससे जुड़े सवाल पर हरमनप्रीत कौर ने सटीक जवाब दिया है।
पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने मीडिया के सवालों के जवाब दिए। उन्होंने सबसे पहले तो कहा,”जब हम पाकिस्तान के खिलाफ खेलते हैं तो दबाव जरूर होता है, लेकिन यह इस पर निर्भर करता है कि आप उस दबाव को झेलते कैसे हैं और उसको कैसे एनजॉय कर पाते हैं।” इसके बाद हैंडशेक से जुड़े सवाल पर भारतीय कप्तान ने सीधा-सपाट जवाब दिया और अपना फोकस सिर्फ खेल पर रखने की बात कही।
हरमनप्रीत कौर ने कहा,”देखिए, हम यहां सिर्फ क्रिकेट खेलने आए हैं। हम सिर्फ क्रिकेट की ही बात करते हैं। क्रिकेट के अलावा हम कुछ बात नहीं करते। मुझे भी क्रिकेट के अलावा कुछ और नहीं पता है। पहले दिन से क्रिकेट ही हमारा सपना है और हम उसकी ही चर्चा करते हैं। कल के मैच (भारत बनाम पाकिस्तान) के लिए भी हम सिर्फ खेल के बारे में ही सोच रहे हैं।”
भारतीय टीम का पाकिस्तान पर पलड़ा भारी
भारत और पाकिस्तान के बीच अभी तक कुल 16 महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जा चुके हैं, जिसमें से टीम इंडिया ने 13 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तान की टीम सिर्फ तीन बार ही जीत पाई है। तीन में से दो जीत पाकिस्तान की टी20 इंटरनेशनल में भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप में ही आई हैं। जबकि भारत ने इस आईसीसी टूर्नामेंट में कुल छह बार पाकिस्तान को धूल चटाई है।
महिला T20 वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान का महामुकाबला, जानें समय, तारीख, टीम, वेन्यू समेत सभी डिटेल्स
महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम पाकिस्तान के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेगी। यह मुकाबला बर्मिंघम में होगा, इस मुकाबले से जुड़ी सभी जानकारी यहां दी गई हैं। क्लिक करें और पढ़ें पूरी खबर
