आईसीसी टी20 विश्व कप के ग्रुप ए मुकाबले में भारत ने 15 फरवरी 2026 को पाकिस्तान पर अपना दबदबा कायम रखते हुए एकतरफा जीत दर्ज की। सलामी बल्लेबाज इशान किशन की 40 गेंद में 77 रन की तूफानी पारी और गेंदबाजों के सामूहिक प्रदर्शन के दम पर भारत ने 176 रन का लक्ष्य बचाते हुए पाकिस्तान को 61 रन से हरा दिया। इशान किशन प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए।

इसके साथ ही भारत ने टी20 विश्व कप 2026 में सुपर-8 चरण के लिए क्वालिफाई कर लिया। यह टी20 विश्व कप के इतिहास में पाकिस्तान के खिलाफ भारत की 8वीं जीत है। टी20 विश्व कप में भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक नौ मैच खेले गए हैं। इसमें से भारत ने सिर्फ एक बार मात खाई है।

साल बदला, मैदान बदला, फॉर्मेट बदला, नहीं बदला नतीजा

मतलब इस मैच से पहले हुए सारे हंगामे और अजीब ड्रामे के बाद, एक्शन एकतरफा रहा। एक और आईसीसी इवेंट, इतना ऑफ-फील्ड हंगामा, इस मैच का इतना इंतजार और अंत में नतीजा भारत की एकतरफा जीत। हमने पहले भी ऐसी ‘फिल्म’ कई बार देखी है। पाकिस्तान इस भारतीय टीम का सामना नहीं कर पाया।

कई लोगों को उम्मीद थी कि यह मैच कांटे का होगा, क्योंकि यह कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में था और स्पिन के लिए सही कंडीशन थीं। पाकिस्तान के पास 5 स्पिनर्स थे। पाकिस्तान इस मैच में उतरने से पहले कॉन्फिडेंट था, लेकिन उसके खराब बल्लेबाजी प्रदर्शन ने सब कुछ बिगाड़ दिया। पाकिस्तान ने बिना सोचे-समझे पावरप्ले में जसप्रीत बुमराह का सामना करने की कोशिश की और उनके एक ओवर में दो विकेट गंवा दिए।

पाकिस्तान की खराब बल्लेबाजी

पाकिस्तान तुरंत बैकफुट पर आ गया। इसके बाद और भी खराब बल्लेबाजी हुई। पाकिस्तान ने लंबी स्क्वायर बाउंड्री और भारतीय स्पिनरों के खिलाफ उबरने की कोशिश की, लेकिन उसकी कीमत चुकाई। सिर्फ उस्मान खान ने अच्छा खेला। उस्मान के आउट होते ही, पाकिस्तान के लिए खेल लगभग खत्म हो गया।

हार्दिक, वरुण, बुमराह और अक्षर ने झटके 2-2 विकेट

हार्दिक पंड्या (16 रन पर 2 विकेट), वरुण चक्रवर्ती (17 रन पर 2 विकेट), जसप्रीत बुमराह (17 रन पर 2 विकेट) और अक्षर पटेल (29 रन पर 2 विकेट) की गेंदबाजी के सामने पाकिस्तानी टीम 18 ओवर में 114 रन पर सिमट गई। उस्मान खान (44) के अलावा कोई भी बल्लेबाज टिककर नहीं खेल पाया। उस्मान के अलावा सिर्फ शाहीन शाह अफरीदी (नाबाद 23) ही 20 रन का आंकड़ा पार कर पाए।

इशान किशन ने 40 गेंद में ठोके 77 रन

इससे पहले इशान किशन ने स्पिन की अनुकूल पिच पर 40 गेंद में 10 चौकों और तीन छक्कों से 77 रन की पारी खेलने के अलावा तिलक वर्मा (25) के साथ दूसरे विकेट के लिए 87 रन जोड़े जिससे भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 175 रन बनाए। कप्तान सूर्यकुमार यादव (32) और शिवम दुबे (27) ने भी उपयोगी पारियां खेलीं।

पाकिस्तान ने 18 ओवर स्पिनर्स से कराए

पाकिस्तान ने 18 ओवर स्पिनरों से कराए। सैम अयूब ने 25 रन देकर 3 विकेट लिए। वह पाकिस्तान के सबसे सफल गेंदबाज रहे। शाहीन अफरीदी ने 2 ओवर में 31 रन दिए। उन्हें एक विकेट मिला। पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही। उसने दूसरे ओवर में 13 रन में ही तीन विकेट गंवा दिए।

हार्दिक पंड्या ने पारी का पहला ओवर मेडन फेंका और साहिबजादा फरहान (00) को मिड ऑन पर रिंकू सिंह के हाथों कैच कराया। जसप्रीत बुमराह की पहली गेंद पर सईम (06) ने छक्का जड़ा, लेकिन अगली गेंद पर पगबाधा हो गए। इसी ओवर की अंतिम गेंद पर कप्तान सलमान अली आगा (04) भी मिड ऑन पर पंड्या को बेहद आसान कैच दे बैठे।

अक्षर ने झटका बाबर आजम का विकेट

उस्मान ने हार्दिक पंड्या पर छक्के के साथ शुरुआत की और फिर अक्षर पटेल पर लगातार दो चौके मारे। अक्षर ने हालांकि इसी ओवर में बाबर आजम (05) को बोल्ड किया। उस्मान ने अक्षर के अगले ओवर में भी दो चौके मारे। पाकिस्तान के रनों का अर्धशतक आठवें ओवर में पूरा हुआ। उस्मान 31 रन के स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब अक्षर की गेंद पर तिलक वर्मा ने उनका कैच टपका दिया। उन्होंने इस ओवर में भी लगातार दो चौके मारे।

जीवनदान का फायदा नहीं उठा पाए उस्मान

अक्षर पटेल ने उस्मान को जीवनदान का फायदा नहीं उठाने दिया और अगले ओवर में उन्हें इशान किशन के हाथों स्टम्प कराया। उस्मान ने 34 गेंद में 6 चौके और एक छक्का लगाया। मोहम्मद नवाज (04) ने इसके बाद कुलदीप यादव की फुलटॉस पर शिवम दुबे को कैच थमाया।

शादाब भी तिलक की पहली ही गेंद को लॉन्ग ऑफ पर शिवम दुबे के हाथों में खेल गए। पाकिस्तान को 5 ओवर में 82 रन चाहिए थे। वरुण चक्रवर्ती ने लगातार गेंदों पर फहीम (10) और अबरार अहमद (00) को आउट किया। हार्दिक ने उस्मान तारिक (00) को बोल्ड कर भारत की जीत सुनिश्चित की।

नीचे दी गई खबरें भी पढ़ सकते हैं

T20 World Cup Points Table: भारत-पाकिस्तान मैच के बाद अंक तालिका, टॉप-5 बल्लेबाज और गेंदबाज
T20 World Cup: भारत क्वालिफाई, जानें पाकिस्तान के सुपर-8 में पहुंचने का गणित

IND vs PAK: हार्दिक-बुमराह ने तबाह किया पाकिस्तान का टॉप ऑर्डर, टी20 वर्ल्ड कप में पड़ोसियों के नाम शर्मनाक रिकॉर्ड