भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने रविवार (15 फरवरी) को कोलंबो में टी20 वर्ल्ड कप मैच के टॉस के दौरान पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा से हाथ नहीं मिलाया। सितंबर 2025 में दुबई में हुए एशिया कप में ऐसा पहली बार हुआ था कि सूर्यकुमार यादव और भारतीय टीम ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया था। दोनों टीमें पहली बार पहलगाम आतंकी हमले के बाद भिड़ी थीं। एशिया कप में तीन बार दोनों टीमों क आमना-सामना हुआ था और तीनों मैच में जीत के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान के खिलाड़ियों से दूरी बनाई थी।

पाकिस्तान ने पहले बांग्लादेश के टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होने के जवाब में भारत के खिलाफ मैच का बॉयकॉट करने का ऐलान किया था, लेकिन पिछले हफ्ते वह इससे पीछे हट गया। पिछले साल पूरे एशिया कप में हाथ न मिलाने वाली घटना चर्चा का विषय बन गई थी। भारतीय टीम ने फाइनल में अपने विरोधियों को हराने के बाद एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के चेयरमैन और पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी से एशिया कप ट्रॉफी भी नहीं ली थी। नकवी के एशिया कप ट्रॉफी अपने साथ ले जाने के बाद भी इंडियन टीम अभी भी उसका इंतजार कर रही है।

सूर्यकुमार यादव ने इंतजार करने को कहा था

मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव से पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाने के बारे में पूछा गया तो कप्तान ने सस्पेंस तोड़ने से इन्कार करते हुए कहा, ‘आप 24 घंटे में देखेंगे। 24 घंटे इंतजार करो। अच्छा खाओ, अच्छी नींद लो, कल देखेंगे। इससे पहले पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा ने कहा था, ‘हम कल देखेंगे।’

नो हैंडशेक पॉलिसी जारी रखने का फैसला हैरानी की बात नहीं

भारतीय टीम का नो हैंडशेक पॉलिसी जारी रखने का फैसला कोई हैरानी की बात नहीं है, खासकर जब टी20 वर्ल्ड कप शुरू होने से पहले पिछले महीने पर्दे पीछे काफी कुछ घटा। बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल किए जाने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने वर्ल्ड कप से हटने की धमकी दी थी। हालात अभी समान्य नहीं हुए हैं। इसलिए भारतीय टीम अपने पुराने रवैये पर कायम रही।

यह भी पढ़ें: अभिषेक टी20 वर्ल्ड कप में खाता खोलने के लिए तरसे, पिछली 6 में से 4 पारियों में डक पर आउट