कप्तान सूर्यकुमार यादव ने माना कि मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप 2026 के शुरुआती दो मैचों में भारत की बैटिंग थोड़ी खराब रही है। हालांकि, उन्हें भरोसा है कि भारतीय बल्लेबाजों के आगे पाकिस्तान के उस्मान तारिक की स्पिन गेंदबाजी नहीं चलेगी। सूर्यकुमार ने तारिक को परीक्षा के दौरान सिलेब्स से बाहर का सवाल बताया, जिसे छोड़ा नहीं जा सकता। भारतीय टीम उनके खिलाफ आत्मसमर्पण नहीं कर सकती।

सूर्यकुमार यादव ने कहा, ‘देखिए, कभी-कभी एग्जाम में ऐसा सवाल भी आ जाता है जो सिलेबस से बाहर का होता है। तो हम उस सवाल को छोड़ नहीं सकते। उससे निपटने के लिए आपको अपना तरीका अपनाना होगा। हां, जब वह गेंदबाजी करने आते हैं तो वह एक अलग कैरेक्टर होते हैं, लेकिन हम आत्मसमर्पण नहीं कर सकते। हम एक जैसे गेंदबाज और एक जैसे एक्शन के साथ प्रैक्टिस करते हैं। हम नेट सेशन में जो प्रैक्टिस कर रहे हैं, उसे करने की कोशिश करेंगे।’

भारत की बैटिंग की कमियां उजागर

अमेरिका ने भारत के छह विकेट 77 रन पर झटक दिए और फिर नामीबिया ने डेथ ओवर में चार रन देकर पांच विकेट ले लिए। इससे भारत की बैटिंग की कमियां सामने आ गईं। अब रविवार को प्रेमदासा की धीमी पिच पर भारतीय बल्लेबाजों का सामना तारिक की अगुआई वाली पाकिस्तानी स्पिन बैट्री से होगा, जिनके गेंद फेंकने से रुकने कारण ने क्रिकेट की दुनिया में एक्शन पर बहस छेड़ दी है।

भारतीय टीम की कमजोरी पर बोले सूर्यकुमार

सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान के खिलाफ मैच से पहले कहा, ‘हमारी शुरुआत खराब रही। आप इस बात से भाग नहीं सकते कि यह टी20 लायक विकेट नहीं था। लेकिन मैंने पहले भी कहा था कि आप हर बात को नजरअंदाज नहीं कर सकते। कोई बहाना नहीं है। लेकिन हमने जबरदस्त वापसी की। यही टी20 क्रिकेट की खूबसूरती है। मुझे लगता है कि एक या दो बल्लेबाजों ने जिम्मेदारी ली और हम जीत गए।’

यह भी पढ़ें: भारत के खिलाफ 4 गेंदबाज के साथ उतरने की तैयारी में पाकिस्तान, शादाब, फहीम या नवाज का कट सकता है पत्ता