टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम खिताब जीतने की प्रबल दावेदार है। टूर्नामेंट की अधिकतर टीमें सूर्यकुमार यादव के रणबाकुरों आगे कहीं नहीं टिकतीं और पाकिस्तान भी इसी कतार में खड़ा है। आईसीसी के सीमित ओवरों के टूर्नामेंट में भले ही यह सबसे चर्चित, भीड़ और रुपया जुटाने वाला मुकाबला हो, लेकिन भारत-पाकिस्तान की टीमों में उतना ही फर्क है, जितना दोनों की अर्थव्यवस्था में है। क्रिकेट जगत की आर्थिक मजबूरियां नहीं होतीं तो पाकिस्तान ने बीते दिनों भारत के खिलाफ मैच बहिष्कार करने की धमकी नहीं दी होती। वर्ल्ड कप का इतिहास हो, दोनों टीमों का हाल का रिकॉर्ड हो या खिलाड़ियों की बात हो भारत के सामने पाकिस्तान कहीं नहीं टिकता। यही तथ्य भारत पर दबाव और पाकिस्तान को खतरनाक भी बनाता है।
एशिया कप 2025 में भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तानी पत्रकार को यह कह दिया था कि दोनों टीमों के बीच प्रतिद्वंदिता नहीं बची। सूर्या की यह बात सही है कि भारत-पाकिस्तान के बीच प्रतिद्वंदिता पहले के समय की तरह नहीं रही। पाकिस्तान ने सिर्फ एक बार वर्ल्ड कप में भारत को हराया है, लेकिन क्रिकेट इतिहास और आंकड़ों से नहीं चलता। ये इतिहास और आंकड़े केवल भारत पर अपना वर्चस्व बनाए रखने का दबाव बनाते हैं। दूसरी ओर पाकिस्तान हार भी गया तो कुछ नहीं खोएगा। ज्यादा से ज्यादा खिलाड़ियों की आलोचना होगी। क्रिकेट के पंडित कहते फिरेंगे कि दोनों टीमों में जमीन-आसमान का फर्क है। इसमें नया क्या होगा? यह कहानी साल के 365 दिन की है। नई बात तो तब होगी जब पाकिस्तान जीत दर्ज कर ले और 2027 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप से पहले इस मुकाबले के लिए मंच तैयार कर दे।
कोलंबो के मौसम पर निगाहें
भारत-पाकिस्तान मैच में बारिश विघ्न डाल सकती है। श्रीलंका के मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी में तूफान की चेतावनी जारी की है। कोलंबो से शनिवार शाम को प्रेमदासा स्टेडियम जैसी तस्वीर सामने आई वह किसी भी क्रिकेट फैन को निराश कर सकती है। पूरा मैदान ढक दिया गया था। कोलंबो के खेतारामा इलाके में आर प्रेमदासा स्टेडियम है। यहां दिन की शुरुआत में तापमान 30 से 31डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। हालांकि, दोपहर में कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश होने का अनुमान है। बारिश की 50-70% संभावना है।
टॉस में देरी संभव
भारत-पाकिस्तान मैच कोलंबो में स्थानीय समय के हिसाब से शाम 7 बजे शुरू होगा। कुछ घंटे पहले तेज गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। इससे टॉस में देरी हो सकती है और ओवर में भी कटौती हो सकती है। रात 8 बजे के बाद मौसम थोड़ा साफ हो सकता है। प्रेमदासा स्टेडियम में जल निकासी की व्यवस्था शानदार है। बारिश रुकने पर मैच शुरू होने में बहुत देर नहीं लगेगा।
उस्मान तारिक बनाम भारतीय बल्लेबाज
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले दो मैचों में स्पिन के खिलाफ भारतीय बल्लेबाज संघर्ष करते दिखे हैं और मिस्ट्री स्पिनर उस्मान तारिक उनकी परीक्षा ले सकते हैं। भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी उन्हें सिलेबस से बाहर का सवाल बताया। हालांकि, उन्होंने कहा कि टीम आत्मसमर्पण नहीं करेगी।
हार्दिक पंड्या बनाम पाकिस्तान
भारत के पास विराट कोहली जैसा खिलाड़ी नहीं होगा, जो इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में अपनी छाप छोड़ता था। अब भारत की निगाहें हार्दिक पंड्या पर होंगी। हार्दिक का पाकिस्तान के खिलाफ बल्लेबाजी हो या गेंदबाजी रिकॉर्ड शानदार है। पाकिस्तान के खिलाफ टी20 में उनकी बल्लेबाजी कुछ खास नहीं रही है, लेकिन 2017 चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में उन्होंने 43 गेंदों पर 76 रनों की पारी खेली थी, जिसमें टीम हार गई थी। पिछले तीन मैचों में उन्होंने बाबर आजम, सैम अयूब और फखर जमान को आउट किया है।
कुलदीप-अभिषेक की वापसी
अभिषेक शर्मा मैच के लिए समय पर ठीक हो गए हैं और संजू सैमसन की जगह लेंगे। भारत एक और स्पिन ऑप्शन जोड़ना चाहेगा है। इसका मतलब है कि अर्शदीप सिंह की जगह वाशिंगटन सुंदर या कुलदीप यादव में से कोई एक खेलेगा।
भारत की संभावित प्लेइंग 11
अभिषेक शर्मा, इशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह।
2 तेज गेंदबाज और 2 स्पिनर के साथ उतर सकता है पाकिस्तान
पाकिस्तान की टीम 2 तेज गेंदबाज और 2 स्पिनर के साथ उतर सकती है। तेज गेंदबाज के तौर पर शाहीन अफरीदी और सलमान मिर्जा को मौका मिल सकता है। विशेषज्ञ स्पिनर के तौर उस्मान तारिक और अबरार अहमद खेल सकते हैं। मोहम्मद नवाज को बाहर बैठना पड़ सकता है।
पाकिस्तान की संभावित प्लेइंग 11
सैम अयूब, साहिबजादा फरहान, सलमान आगा (कप्तान), बाबर आजम, उस्मान खान (विकेटकीपर), शादाब खान, फहीम अशरफ, शाहीन अफरीदी, सलमान मिर्जा, उस्मान तारिक और अबरार अहमद।
कोलंबो में भारत-पाकिस्तान का रिकॉर्ड
कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में भारत का जबरदस्त रिकॉर्ड है। 2009 से उसने यहां 15 टी20 मैच खेले हैं, जिनमें से 11 जीते हैं और सिर्फ चार हारे हैं। पाकिस्तान का भी प्रेमदासा स्टेडियम में अच्छा रिकॉर्ड है। सात मैचों में से उसने पांच जीते हैं और सिर्फ दो हारे हैं। पाकिस्तान को श्रीलंका और भारत के खिलाफ हार मिली है।
यह भी पढ़ें: टी20 वर्ल्ड कप: भारत-पाकिस्तान मैच रद्द होने पर दोनों की होगी बल्ले-बल्ले, ग्रुप ए की 3 टीमें होंगी बाहर
