टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले भारत के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने गुरुवार (5 फरवरी) को पाकिस्तान के खिलाफ मैच प्रतिक्रिया दी। पाकिस्तान ने कोलंबो में 15 फरवरी को होने वाले इस मैच को बहिष्कार करने का फैसला किया है। आईसीसी के कैप्टंस डे समारोह में सूर्यकुमार यादव ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भारतीय टीम ने ना नहीं कहा है। उसकी फ्लाइट बुक है। वह कोलंबो जाएगी। बांग्लादेश के टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होने के विरोध में पाकिस्तान सरकार ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) को टी20 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ मैच न खेलने का आदेश दिया है।
सूर्यकुमार ने टूर्नामेंट से पहले कप्तानों की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, ‘मुझे लगता है कि उनका फैसला मेरे कंट्रोल में नहीं है। काश मैं उनके फैसले ले पाता, लेकिन यह उनका फैसला है। हम एशिया कप में भी खेले थे और हमने उनके साथ तीन बार खेला था। हमारी सोच एकदम साफ है। हमने (पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से) मना नहीं किया है। उन्होंने किया है। आईसीसी ने फिक्स्चर दे दिया है।’
पाकिस्तानी खिलाड़ियों के लिए भी मुश्किल फैसला
सूर्यकुमार ने कहा,’हमारी फ्लाइट बुक है और हम वहां (कोलंबो) जा रहे हैं। टीम में बात हुई है कि हम पहले 7 फरवरी को खेलेंगे, फिर वहां जाएंगे। हमने उनके खिलाफ अच्छा क्रिकेट खेला। हमें बताया गया है कि मैच 15 तारीख को है। मैच एक न्यूट्रल जगह पर होगा और अगर हमें मौका मिला तो हम खेलेंगे। यह उनके (पाकिस्तानी खिलाड़ियों के) लिए भी एक मुश्किल फैसला है।’
भारत का पहला मुकाबला अमेरिका से
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम को पहला मैच शनिवार (7 फरवरी) को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय टीम ग्रुप ए में है। उसके और अमेरिका के अलावा इस ग्रुप में नामीबिया, केन्या और पाकिस्तान हिस्सा है। भारतीय टीम शानदार फॉर्म में है और वह इसे जारी रखते हुए खिताब की रक्षा करना चाहेगी।
यह भी पढ़ें: हमारे हाथ में मामला नहीं, यह सरकार का फैसला, भारत के खिलाफ मैच बहिष्कार करने पर बोले सलमान आगा
