पाकिस्तान रविवार (14 फरवरी) को कोलंबो में भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बड़े मैच में चार विशेषज्ञ गेंदबाज दो स्पिनर और दो तेज गेंदबाज के साथ उतर सकता है। समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार पाकिस्तानी टीम के एक करीबी सूत्र ने बताया कि हेड कोच माइक हेसन और कप्तान सलमान अली आगा दोनों स्पेशलिस्ट स्पिनर अबरार अहमद और उस्मान तारिक के साथ उतरना चाहते हैं। तेज गेंदबाज के तौर पर शाहीन शाह अफरीदी और सलमान मिर्जा को मौका मिल सकता है। टीम प्रबंधन शादाब खान, मुहम्मद नवाज और फहीम अशरफ में से किसी एक ऑलराउंडर को बाहर बैठा सकता।
सूत्र ने कहा, ‘टीम मैनेजमेंट के लिए बस एक ही दिक्कत है। अगर वे चार स्पेशलिस्ट गेंदबाज के साथ उतरते हैं, तो उन्हें यह तय करना होगा कि फहीम, शादाब और नवाज में से कौन बाहर बैठेगा?’ उन्होंने कहा कि सैम अयूब, साहबजादा फरहान, सलमान अली आगा, बाबर आजम और उस्मान खान के टॉप पांच में खेलेंगे। टीम मैनेजमेंट को यह तय करना होगा कि नंबर छह और सात पर किसे खिलाना है और उसके बाद चार गेंदबाज चुनने हैं।
नवाज बैठ सकते हैं बाहर
सूत्र ने कहा कि नवाज के बाहर बैठने की संभावना है क्योंकि वह बाएं हाथ के स्पिनर हैं और भारत के पास अभिषेक शर्मा, इशान किशन, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, वाशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव और अर्शदीप सिंह जैसे बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। सूत्र ने कहा, ‘फहीम को खिलाना बेहतर लग रहा है क्योंकि वह अच्छी बैटिंग फॉर्म में हैं और जरूरत पड़ने पर तीसरे पेसर होंगे और शादाब की लेग स्पिन बाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ काम आएगी।’
पाकिस्तान भी पहली बार प्रेमदासा में खेलेगा
सूत्र ने कहा कि स्पिन ऑप्शन के तौर पर अबरार, उस्मान, शादाब और सैम अयूब के होने से टीम मैनेजमेंट को भरोसा है कि वे इस हाई प्रोफाइल मैच में नवाज के बिना भी खेल सकते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि रविवार को प्रेमदासा स्टेडियम की पिच को आखिरी बार देखने और मौसम को देखकर यह फैसला बदला जा सकता है। पाकिस्तान भी टूर्नामेंट में पहली बार प्रेमदासा में खेलेगा। पाकिस्तान ने पिछले महीने श्रीलंका में टी20 सीरीज जीती थी, लेकिन सभी मैच दांबुला में खेले गए थे, जबकि टीम ने नीदरलैंड्स और अमेरिका के खिलाफ अपने दोनों टी20 वर्ल्ड कप मैच सिंहली स्पोर्ट्स ग्राउंड में खेले हैं।
यह भी पढ़ें: सूर्यकुमार ने किया साफ, पाकिस्तान के खिलाफ खेलेंगे अभिषेक; कहा- वो जैसा चाहते हैं वैसा ही होगा
