लिटिल मास्टर सुनील गावस्कर को उम्मीद है कि रविवार (15 फरवरी) को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय टीम प्लेइंग 11 में चाइनामैन स्पिनर कुलदीप यादव को पेसर अर्शदीप सिंह की जगह मौका देगी। अर्शदीप का गुरुवार (12 फरवरी) को दिल्ली में नामीबिया के खिलाफ प्रदर्शन साधारण रहा। हालांकि, डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने 93 रन से जीत हासिल की। अर्शदीप ने अपने चार ओवर का पूरा कोटा भी पूरा नहीं किया।

गावस्कर ने स्टार स्पोर्ट्स क्रिकेट लाइव पर कहा, ‘हमारे सभी गेंदबाजों ने विकेट लिए। अर्शदीप ने अपने चार ओवर पूरे नहीं किए, जबकि शिवम दुबे ने दो और हार्दिक ने अपना कोटा पूरा किया। इससे संकेत मिलता है कि कुलदीप यादव पाकिस्तान के खिलाफ अर्शदीप की जगह ले सकते हैं। श्रीलंका की पिचें स्पिनर्स को मदद करती हैं और भारत पहले भी तीन स्पिनर्स खिला चुका है। कोलंबो में पाकिस्तान के खिलाफ प्लेइंग 11 में कुलदीप के होने की उम्मीद है।’

पाकिस्तान केखिलाफ अर्शदीप नहीं खेलेंगे

गावस्कर ने कहा कि भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान के खिलाफ मैच को ध्यान में रखते हुए अपनी गेंदबाजी में बदलाव किया। उन्होंने कहा, ‘हार्दिक के पहला ओवर फेंकने से लगता है कि पाकिस्तान के खिलाफ अगले मैच में अर्शदीप नहीं खेल पाएंगे। वरुण चक्रवर्ती ने सिर्फ दो ओवर फेंके और अगर वह पूरे चार ओवर फेंकते तो पांच या छह विकेट ले लेते। वरुण के बारे में सबसे अच्छी बात यह है कि जब भी उन्हें गेंदबाजी करने के लिए कहा जाता है तो वह विकेट लेते हैं। अक्षर पटेल का तीन ओवर में दो विकेट लेना अच्छा संकेत है।’

गावस्कर ने बताया क्यों संघर्ष कर रहे संजू सैमसन

गावस्कर ने यह भी बताया कि अभिषेक शर्मा की जगह खेलने वाले संजू सैमसन क्रीज में काफी अंदर चहलकदमी के कारण दिक्कत का सामना कर रहे हैं। सैमसन आठ गेंदों में 22 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें तीन छक्के शामिल थे। उन्होंने कहा, ‘संजू सैमसन को तकनीकी दिकक्त है। वह क्रीज में बहुत अंदर तक चले जाते हैं और फ्लिक शॉट खेलते हैं। आप बस यही उम्मीद कर सकते हैं कि वह गैप में टाइम करें या शॉट छक्के के लिए जाए। उन्हें सुधार करने की ज़रूरत है, खासकर जब वह नई गेंद के खिलाफ ओपनिंग करते हैं। नामीबिया ने अपनी फील्ड प्लेसमेंट में होशियारी दिखाई। उन्होंने सैमसन को आउट करने के लिए फील्ड सेट की। यह अच्छा था कि उन्होंने कुछ अच्छे शॉट मारे। इससे उन्हें कुछ आत्मविश्वास मिला होगा। अगर वह पाकिस्तान के खिलाफ अगला मैच खेलते हैं तो उन्हें क्रीज पर ज़्यादा समय बिताना होगा।’

यह भी पढ़ें: भारत-नामीबिया मैच के बाद अंकतालिका, टीम इंडिया ने पाकिस्तान को नीचे धकेला