India vs Pakistan, T20 world cup 2026 match: भारत और पाकिस्तान के बीच 15 फरवरी को खेला जाएगा, लेकिन इस मुकाबले को लेकर जिस तरह का ड्रामा हुआ उसे पूरी दुनिया ने देखा। आखिरकार आईसीसी ने किसी तरह से मामले को हैंडल किया और फिर पाकिस्तान, भारत के खिलाफ खेलने को राजी हुआ। दोनों देश कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में टी20 वर्ल्ड कप का मैच खेलते नजर आएंगे।

भारत और पाकिस्तान दोनों ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में अपनी शुरुआत शानदार तरीके से की है और दोनों टीमों ने अब तक खेले अपने-अपने दोनों लीग मैच जीते हैं। दोनों टीमों के 4-4 अंक हैं और भारत फिलहाल पहले और पाकिस्तान दूसरे नंबर पर मौजूद हैं। भारत-पाकिस्तान की नजर सुपर 8 में पहुंचने पर है और ये मुकाबले इसके लिए दोनों टीमों के लिए काफी अहम है। कोलंबो में ये दूसरा मौका होगा जब भारत और पाकिस्तान टी20 प्रारूप में मैच खेलेंगे।

साल 2012 में भारत ने पाकिस्तान को 8 विकेट से हराया था

भारत और पाकिस्तान साल 2012 में टी20 वर्ल्ड कप में कोलंबो में एक टी20 मैच खेल चुके हैं जिसमें भारत को जीत मिली थी। इस मैच में टीम इंडिया ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया था और टीम इंडिया के कप्तान एमएस धोनी थे। इस मैच मे पाकिस्तान की टीम भारत के खिलाफ पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल पाई थी और 19.4 ओवर में 128 रन पर ऑलआउट हो गई थी। भारत की तरफ से लक्ष्मिपति बालाजी ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए थे जबकि अश्विन और युवराज सिंह को 2-2 सफलता मिली थी।

भारत को जीत के लिए 129 रन का टारगेट मिला था जिसे टीम इंडिया ने आसानी से हासिल कर लिया था। विराट कोहली ने इस मुकाबले में 61 गेंदों पर 78 रन की शानदार पारी खेली थी और टीम को जीत दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई थी। वीरेंद्र सहवाग ने भारत के लिए 29 रन तो वहीं युवराज सिंह ने 19 रन की नाबाद पारी खेली थी। भारत ने 17 ओवर में 2 विकेट पर 129 रन बनाकर मैच को 8 विकेट से जीता था और ये मैच भारत ने एकतरफा अंदाज में जीता था।

कोलंबो में भारत का शानदार है टी20 में ट्रैक रिकॉर्ड

कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में भारत का टी20 में ट्रैक रिकॉर्ड काफी अच्छा रहा है। भारत ने इस मैदान पर कुल 15 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं जिसमें भारत को 11 मैचों में जीत मिली है जबकि सिर्फ 4 मैचों में उसे हार का सामना करना पड़ा है। इस मैदान पर भारत को तीन बार श्रीलंका ने हराया है जबकि एक बार ऑस्ट्रेलिया के हाथों टीम इंडिया को हार मिली है। यानी यहां के ट्रैक रिकॉर्ड को देखते हुए भारत को हराना पाकिस्तान के लिए आसान तो नहीं होने वाला है।

ये खबरें भी पढ़ें

संजू सैमसन-अर्शदीप सिंह आउट, अभिषेक-इशान ओपनर; पाकिस्तान के खिलाफ भारत की संभावित प्लेइंग 11

तिलक वर्मा से आगे अभिषेक शर्मा, T20I में पाकिस्तान के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले टॉप 8 बल्लेबाज